वैभव सूर्यवंशी में भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बनने की क्षमता: अरुण धूमल
नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल प्रमुख अरुण धूमल ने 15 साल के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा है कि इस खिलाड़ी में भारत के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र का खिलाड़ी बनने की क्षमता है। हालांकि, धूमल ने कहा कि वह तुरंत कॉल-अप की वकालत नहीं कर रहे हैं।
आईएएनएस से बात करते हुए धूमल ने कहा, "मुझे पता है कि अभी ओपनिंग पोजीशन के लिए कोई स्लॉट खाली नहीं है। हमारे पास अभिषेक, जायसवाल और संजू जैसे खिलाड़ी हैं जो शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सिर्फ 15 साल की उम्र में, मुझे निजी तौर पर लगता है कि उसमें (वैभव सूर्यवंशी) इंडिया के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाला भारतीय बनने की क्षमता है। मैं उसे शामिल करने पर जोर नहीं दे रहा हूं, लेकिन चयनकर्ताओं के लिए इतने कम उम्र के टैलेंट को चुनने का यह जिंदगी में एक बार मिलने वाला मौका हो सकता है।"
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड, और भुवनेश्वर कुमार जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाजों के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी कर अपनी क्षमता साबित की है और राष्ट्रीय टीम के चयनकर्ताओं के मन में अपने बारे में सोचने का दबाव बढ़ाया है।
सूर्यवंशी, जो पिछले साल आईपीएल नीलामी में साइन किए गए सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनकर सुर्खियों में आए थे, आईपीएल 2026 में जबरदस्त फॉर्म में दिखे हैं। शुक्रवार को गुवाहाटी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ सिर्फ 26 गेंदों पर 78 रन की पारी खेल उन्होंने अपनी टीम राजस्थान रॉयल्स को दमदार जीत दिलायी थी।
आरसीबी के खिलाफ सूर्यवंशी की फिफ्टी इस सीजन की उनकी दूसरी फिफ्टी थी। इससे पहले उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आरआर के सीजन पहले मैच में 15 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था। इस सीजन में उनकी दोनों हाफ सेंचुरी सिर्फ 15 गेंदों में आईं हैं। वैभव 4 मैचों में 200 रन बनाकर फिलहाल ऑरेंज कैप होल्डर हैं।
--आईएएनएस
पीएके
