Aapka Rajasthan

'वह थ्रो उतना अच्छा नहीं था': नीरज ने अपने 90 मीटर वाले थ्रो के बारे में चौंकाने वाली बात कही

दोहा, 18 जून (आईएएनएस)। ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने बताया है कि वह उस रिकॉर्ड-तोड़ने वाले 90.23 मीटर थ्रो का वीडियो शायद ही कभी दोबारा देखते हैं, जिसके चलते उन्होंने पिछले साल दोहा डायमंड लीग में सुर्खियां बटोरी थीं। उनका मानना है कि तकनीकी तौर पर वह उनके सबसे अच्छे थ्रो से काफी दूर था।
 
'वह थ्रो उतना अच्छा नहीं था': नीरज ने अपने 90 मीटर वाले थ्रो के बारे में चौंकाने वाली बात कही

दोहा, 18 जून (आईएएनएस)। ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने बताया है कि वह उस रिकॉर्ड-तोड़ने वाले 90.23 मीटर थ्रो का वीडियो शायद ही कभी दोबारा देखते हैं, जिसके चलते उन्होंने पिछले साल दोहा डायमंड लीग में सुर्खियां बटोरी थीं। उनका मानना ​​है कि तकनीकी तौर पर वह उनके सबसे अच्छे थ्रो से काफी दूर था।

गुरुवार को दोहा में वांडा डायमंड लीग के दौरान मीडिया से बातचीत में भारतीय जैवलिन स्टार ने कहा कि वह क्वालिफिकेशन राउंड के अपने थ्रो को देखना ज्यादा पसंद करते हैं। ऐसा इसलिए है, क्योंकि वे उस लय और तकनीक को बेहतर ढंग से दिखाते हैं जिसे हासिल करना चाहते हैं, जबकि फाइनल में वह अक्सर ज्यादा आक्रामक तरीका अपनाते हैं।

हालांकि, चोपड़ा ने पिछले सीजन में दोहा में लंबे समय से प्रतीक्षित 90-मीटर का आंकड़ा पार कर लिया था, लेकिन उनका मानना ​​है कि उस खास थ्रो में अभी भी सुधार की गुंजाइश थी। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन ने बताया कि भले ही थ्रो के समय रिलीज जबरदस्त थी, लेकिन उनके निचले शरीर की तकनीक सबसे अच्छी नहीं थी। चोपड़ा को यकीन है कि अगर थ्रो के सभी पहलू सही हों, तो और भी ज्यादा दूरी तय की जा सकती है।

चोपड़ा ने कहा, "तकनीकी तौर पर, वह थ्रो उतना अच्छा नहीं था; हाथ से तो वह बहुत तेज था, लेकिन अगर मैं निचले शरीर के साथ बेहतर कर पाता, तो शायद 2-3 मीटर और दूर जा सकता था। मैंने वह वीडियो बहुत बार नहीं देखा है। मुझे क्वालिफिकेशन राउंड में अपने थ्रो बहुत पसंद हैं, चाहे वह ओलंपिक में हों या वर्ल्ड चैंपियनशिप में, क्योंकि तब मैं बहुत तनाव मुक्त महसूस करता हूं और बहुत दूर तक थ्रो कर सकता हूं, लेकिन जब भी मैं फाइनल या मुख्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेता हूं, तो मैं हमेशा बहुत ज्यादा जोर लगाता हूं। मैं बहुत आक्रामक हो जाता हूं, और अपनी तकनीक भूल जाता हूं। इसलिए मुझे फाइनल के वीडियो बार-बार देखना पसंद नहीं है। मैं क्वालिफिकेशन राउंड के अपने थ्रो देखना ज्यादा पसंद करता हूं।"

अपने सबसे अच्छे थ्रो से आत्मविश्वास पाने के बजाय, 27 वर्षीय चोपड़ा ने उन प्रदर्शन का विश्लेषण किया, जिनमें वे तनाव मुक्त और तकनीकी रूप से सही महसूस करते हैं। उनका मानना ​​है कि ये भविष्य की सफलता के लिए ज्यादा सही ब्लूप्रिंट देते हैं।

दोहा चोपड़ा के करियर के सबसे यादगार स्थानों में से एक है। यहीं नीरज ने पहली बार 90 मीटर से ज्यादा दूर थ्रो किया था। दोहा में ही नीरज ने जर्मनी के जूलियन वेबर के साथ रोमांचक मुकाबला किया था। हालांकि, उस रात वेबर ने उनसे ज्यादा दूर थ्रो किया, लेकिन चोपड़ा ने कहा कि उन्हें अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी को वर्षों की मेहनत के बाद बड़ी कामयाबी हासिल करते देखकर सच में खुशी हुई।

नीरज चोपड़ा ने कहा, "यह वाकई कमाल की बात थी कि मैंने पिछले साल 90 मीटर का बैरियर तोड़ा। अचानक, मेरे थ्रो के बाद, जूलियन (वेबर) ने मुझसे ज्यादा दूर थ्रो किया, लेकिन मैं उनके लिए खुश हूं क्योंकि उन्होंने भी काफी संघर्ष किया था। उन्होंने साल 2016 में मेरे सामने 88 मीटर का थ्रो किया था, उन्हें भी इसमें काफी समय लगा। मैं उनके लिए खुश था।"

--आईएएनएस

आरएसजी