'वह लगातार रन बनाने की एक अहम वजह रहे हैं', कोच साईराज ने प्रभसिमरन की बल्लेबाजी को सराहा
मुंबई, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के गेंदबाजी कोच साईराज बाहुतुले ने प्रभसिमरन सिंह की शानदार बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की है। साईराज का कहना है कि प्रभसिमरन पिछले कुछ वर्षों से टीम के लगातार रन बनाने की एक अहम वजह रहे हैं।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुरुवार को खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने 196 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 16.3 ओवर में हासिल कर लिया। प्रभसिमरन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों में 80 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 11 चौके और 2 छक्के लगाए। प्रभसिमरन ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 66 गेंदों में 139 रनों की साझेदारी निभाई और मैच को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया।
कोच साईराज बाहुतुले ने 25 वर्षीय बल्लेबाज प्रभसिमरन की तारीफ करते हुए कहा, "प्रभसिमरन एक जबरदस्त खिलाड़ी है। उन्होंने टॉप ऑर्डर में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और मैच के हालात के हिसाब से खुद को अच्छे से ढाल लेते हैं, जिससे हमें अच्छी शुरुआत मिलती है। पिछले कुछ वर्षों से हमारे लगातार रन बनाने की एक अहम वजह प्रभसिमरन रहे हैं।"
उन्होंने हेड कोच रिकी पोंटिंग को भी टीम के अंदर एक सकारात्मक माहौल बनाने का श्रेय दिया, जिससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में मदद मिली है। "हमारी ज्यादातर सफलता की वजह ड्रेसिंग रूम में रिकी पोंटिंग की मौजूदगी है। उनकी सकारात्मकता पूरी टीम में फैल जाती है और श्रेयस और प्रभसिमरन जैसे खिलाड़ियों को इसका फायदा मिला है। पोंटिंग और श्रेयस मिलकर फ्रेंचाइजी के लिए एक शानदार जोड़ी बनाते हैं।"
मुंबई इंडियंस के खिलाफ श्रेयस अय्यर ने बल्लेबाजी और अपनी फील्डिंग दोनों से ही खासा प्रभावित किया। अय्यर ने एक शानदार कैच लिया, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा। बाहुतुले ने अय्यर की प्रशंसा करते हुए कहा, "यह मैंने अब तक के सबसे बेहतरीन कैचों में से एक देखा है और इसे आईपीएल के इतिहास के सबसे शानदार कैचों में से एक के तौर पर याद किया जाएगा। श्रेयस की ड्रेसिंग रूम में एक खास मौजूदगी है। वह बल्ले से गेमचेंजर और एक बेहतरीन कप्तान हैं। उन्होंने अपने खेल के सभी पहलुओं पर कड़ी मेहनत की है, जिसकी वजह से वह गेंदबाजों की किसी भी रणनीति का सामना कर पाते हैं।"
गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 22 रन देकर 3 विकेट निकाले। बहुतुले ने इस तेज गेंदबाज के प्रदर्शन और अनुशासन की तारीफ की। "अर्शदीप नई और पुरानी दोनों गेंदों से सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी की। वानखेड़े में स्विंग पैदा करने की उनकी काबिलियत सबसे अलग थी, जहां दूसरे गेंदबाज संघर्ष कर रहे थे। यह उनके एक्शन, गति और खेल की बुनियादी बातों के प्रति उनकी लगन को दिखाता है।" मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली जीत के साथ ही पंजाब किंग्स अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है। टीम ने इस सीजन अब तक खेले 5 मुकाबलों में से 4 में जीत दर्ज की है।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
