उत्तरकाशी: चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की उठी मांग
चिन्यालीसौड़, 28 सितंबर (आईएएनएस)। जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी के नेतृत्व में सोमवार को चिन्यालीसौड़ नगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान कांग्रेसजनों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनावी प्रक्रिया में वोट चोरी और अनियमितताओं को लेकर उठाए गए सवालों का अब तक संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की बुनियाद निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था पर टिकी है और यदि मतदाताओं के अधिकारों के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ होती है तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर चुनौती है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विभिन्न स्तरों पर उठ रहे सवालों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कांग्रेस की मांग है कि केंद्रीय चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में संपन्न चुनावों को लेकर लगाए गए आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता प्रमाणित होती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि लोकतंत्र और मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो आंदोलन को उत्तरकाशी से लेकर देहरादून और दिल्ली तक लोकतांत्रिक तरीके से विस्तारित किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र बचाने और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर नारे लगाए। बाद में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार चिन्यालीसौड़ के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष दर्शन लाल, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष राजेंद्र गुसाईं, ब्लॉक अध्यक्ष देवजन बंठवान, नगर अध्यक्ष बीरेंद्र रमोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष शूरवीर सिंह रांगड़, जिला महासचिव नवीन भंडारी, जिला सचिव जसबीर चौहान, विनोद जड़ाया, आनंद प्रकाश, कनकपाल परमार, बिपिन नौटियाल, सुधीश पंवार, रमन कटैथ, सुपाल दास, कमलेश मेहता, राजेश शाह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी
