उत्तराखंड: प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए की गई मॉक ड्रिल
मसूरी (उत्तराखंड), 2 जून (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मसूरी में भारी बारिश और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए गुरुवार को मॉक ड्रिल किया गया। यह मॉक ड्रिल एसडीएम राहुल आनंद के नेतृत्व में किया गया, जिसमें इस बात का मूल्यांकन करने का प्रयास किया गया कि अगर किसी भी प्रकार की आपदाग्रस्त स्थिति पैदा होती है, तो उससे कैसे निपटा जाए।
एसडीएम राहुल आनंद ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा कि आपदा से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें सभी विभागों के लोगों को शामिल किया गया। मॉक ड्रिल के तहत एक तरह का पूरा परिदृश्य तैयार किया गया, जिसमें यह दिखाया गया कि भूस्खलन की वजह से एक बस में 15 यात्री फंस गए हैं और एक छोटा वाहन नीचे खाई में गिर गया, जिसमें चार यात्री सवार थे। मॉक ड्रिल के तहत यह दिखाने की कोशिश की गई कि वाहन में सवार चार यात्री बुरी तरह से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि हमें इस हादसे के बारे में सुबह 9: 30 बजे सूचना मिली थी, जिसके बाद सभी संबंधित विभागों के अधिकारी रवाना हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद महज आधे घंटे के अंदर सभी संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। यह रेस्क्यू ऑपरेशन आधे घंटे तक चला, जिसके तहत सभी लोगों को बचाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कई लोग गंभीर रूप से चोटिल हो गए, जिसके बाद उन्हें फौरन अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। कुल मिलाकर, यह कहा जा सकता है कि इस मॉक ड्रिल में सभी विभागों के अधिकारियों का बहुत ही अच्छा प्रदर्शन रहा है।
एसडीएम राहुल आनंद ने कहा कि मसूरी में बहुत गहरी खाई हैं और मानसून के समय में आमतौर पर भारी बारिश का सिलसिला जारी रहता है। इसे देखते हुए आज हमने संबंधित पदाधिकारियों की कुशलता को परखने की कोशिश की। पूरी टीम भारी बारिश से पैदा होने वाली स्थिति से निपटने के लिए तैयार रही। कुल मिलाकर, हमने सफलतापूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया।
साथ ही, उन्होंने मानसून से निपटने के लिए सभी तैयारियों की समीक्षा की। सभी अधिकारियों ने जिलाधिकारी के साथ बैठक करके तैयारियों का जायजा लिया। प्रशासन का कंट्रोल रूम भी एक्टिव हो चुका है और इस पर लगातार ड्यूटी रहती है। सभी इक्यूपमेंट को तैयार रखा गया है।
--आईएएनएस
एसएचके/पीएम
