उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है: धन सिंह रावत
मुंबई, 14 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड सरकार में शिक्षा और सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत मुंबई दौरे पर हैं। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए दावा किया कि उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए धन सिंह रावत ने कहा, "मैं उत्तराखंड सरकार में सहकारिता मंत्री हूं। मुंबई में सहकारी विभाग की दो बैठकें थीं। उसी में शामिल होने के लिए मुंबई आया हूं। महाराष्ट्र में सहकारिता का बहुत पुराना आंदोलन है, जब से प्रधानमंत्री ने सहकारिता मंत्रालय को अलग से बनाया है, तब से पूरे देश में सहकारिता आंदोलन काफी तेजी से बढ़ रहा है।"
उन्होंने कहा, "केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहकारिता मंत्री भी हैं। ऐसे में महाराष्ट्र और उत्तराखंड में काफी चीजें अलग हो रही हैं। मैंने सोचा कि कुछ चीजें हम लोग संयुक्त रूप से करें। उत्तराखंड के मोटे अनाज की हम लोग ब्रांडिंग कर रहे हैं, जिससे कि पूरे देश में इसे भेजा जाए और हमारे किसानों की आय दोगुनी हो। इसको लेकर हम लोगों ने एक बैठक की थी।"
उत्तराखंड में आगामी चुनाव को लेकर धन सिंह रावत ने कहा, "सबको पता है कि उत्तराखंड एक पर्वतीय राज्य है। स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जब 2000 में प्रधानमंत्री थे, तब उन्होंने तीन राज्य बनाए थे, जिसमें से एक राज्य उत्तराखंड भी है। उत्तराखंड की जनता देशभक्त है। देशभक्त होने की वजह से उत्तराखंड की जनता भाजपा के साथ रहती है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेल, एयर और सड़क कनेक्टिविटी बढ़ी है। पहले दिल्ली से बद्रीनाथ जाने में तीन दिन लगते थे। जब से ऑल वेदर रोड बनी है, एक दिन में लोग बद्रीनाथ चले जा रहे हैं।"
धन सिंह रावत ने आगे कहा, "प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केदारनाथ में भी रोपवे का काम शुरू हो गया है। कर्ण प्रयाग तक केंद्र सरकार ने 80 प्रतिशत रेल लाइन का काम पूरा कर दिया है। मेरा कहना है कि इस बार विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ा जाएगा। प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति अगाध लगाव है और प्रदेश के लोग पीएम को काफी पसंद करते हैं। ऐसे में उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है।"
कांग्रेस नेता हरीश रावत को लेकर धन सिंह रावत ने कहा, "देखा जा सकता है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता उत्तराखंड तब आते हैं, जब चुनाव नजदीक आता है। प्रधानमंत्री अभी तक 28 बार राज्य का दौरा कर चुके हैं। वे जब भी आते हैं, तब उत्तराखंड को कुछ देकर जाते हैं। कांग्रेस के लोग केवल चुनाव के वक्त नजर आते हैं। कांग्रेस ने केवल जुमलों की राजनीति की है और भाजपा ने विकास की राजनीति की है। उत्तराखंड की जनता निश्चित रूप से विकास की तरफ जाएगी। पिछली बार कांग्रेस ने जितनी सीटें जीती थीं, उससे भी कम इस बार उसकी सीटें आने वाली हैं।"
उत्तराखंड की कानून-व्यवस्था को लेकर धन सिंह रावत ने कहा, "उत्तर प्रदेश हो या फिर उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश में माफिया राज को योगी आदित्यनाथ ने लगभग खत्म कर दिया है। आज यूपी प्रगति के पथ पर आगे चल रहा है। उत्तराखंड में जब कांग्रेस की सरकार थी, तब अपराध काफी ज्यादा होते थे, अब हमारी सरकार के समय विकास कार्य शांतिपूर्वक हो रहे हैं। कांग्रेस के समय कानून-व्यवस्था की स्थिति काफी खराब थी। जब से भाजपा की सरकार आई है, तब से राज्य में सुख और समृद्धि बढ़ी है।"
--आईएएनएस
एसडी/एबीएम
