उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश का पूर्वानुमान, मौसम विभाग ने लोगों को दी सतर्क रहने की सलाह
देहरादून, 18 जून (आईएएनएस)। उत्तराखंड के कई जिलों में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी से लेकर टिहरी और नैनीताल तक बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। पहाड़ी जिलों में बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं, देहरादून, टिहरी और नैनीताल में गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
इसके अलावा, अनुमान है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी भी हो सकती है। राज्य के अन्य जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और गरज के साथ मौसम प्रभावित रह सकता है। मौसम विभाग ने यह भी जानकारी दी है कि पहाड़ी जिलों में कई स्थानों पर बारिश का दौर सक्रिय रहेगा।
19 जून को भी मौसम का यही पैटर्न जारी रहने की संभावना है। इस दिन उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में अधिक स्थानों पर वर्षा देखने को मिल सकती है, जबकि देहरादून, टिहरी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर सक्रिय रहने की चेतावनी दी गई है।
20 जून को बारिश की तीव्रता थोड़ी कम होने का अनुमान है, लेकिन पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा और गरज के साथ बारिश जारी रह सकती है। वहीं हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
इसके अलावा 18 से 20 जून के दौरान पूरे राज्य में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है और झोंकों में यह 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
--आईएएनएस
डीसीएच/
