उत्तराखंड: कद्दूखाल में अगले सीजन से पहले तैयार होगी नई पार्किंग, मां सुरकंडा देवी के श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
टिहरी, 13 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में धनोल्टी के पास स्थित मां सुरकंडा देवी मंदिर के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। कद्दूखाल में बन रही नई पार्किंग से अब श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी और जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।
जिला पर्यटन अधिकारी टिहरी सोबत राणा ने बताया है कि कद्दूखाल में पार्किंग की बहुत आवश्यकता थी। इसके चलते स्टेट सेक्टर से यह काम पर्यटन विभाग को दिया गया है। करीब 8 करोड़ 64 लाख रुपए की लागत से इस पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस पार्किंग को इस जनवरी तक पूरा होना था, लेकिन बीच में किसी कारण से इस पर काम नहीं हो पाया। अब काम ने फिर से गति पकड़ ली है और अगले पर्यटन सीजन से पहले-पहले यह पार्किंग तैयार हो जाएगी।
सोबत राणा ने कहा, "पार्किंग की बहुत आवश्यकता थी। मां सुरकंडा देवी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को जाम से परेशान होना पड़ता था, खासकर त्योहार के दिन वीकेंड पर। नवरात्रों के दिनों में भी जाम लगता था। यह करीब 8 करोड़ 64 लाख रुपए का प्रोजेक्ट है। यह लोक निर्माण विभाग की ओर से पूरा कराया जा रहा है। इसको इस जनवरी तक पूरा होना था, लेकिन बीच में किसी कारण से इस पर काम नहीं हो पाया। अब ये अगले सीजन से पहले-पहले तैयार हो जाएगी।"
जिला पर्यटन अधिकारी ने कहा कि पार्किंग के बन जाने से मां सुरकंडा देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को वाहन खड़ा करने में आसानी होगी। कद्दूखाल में लगने वाले लंबे जाम से छुटकारा मिलेगा और स्थानीय व्यापारियों को भी इसका सीधा फायदा मिलेगा।
बता दें कि सिद्ध पीठ मां सुरकंडा देवी मंदिर न केवल आस्था का केंद्र है बल्कि भारत के प्रसिद्ध 51 शक्तिपीठों में से एक अत्यंत पवित्र स्थल भी है। मान्यता है कि यहां माता सती का सिर (मस्तक) गिरा था, जिस वजह से इसका नाम 'सिरकंडा' और बाद में 'सुरकंडा' पड़ा।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, जब भगवान शिव सती के पार्थिव शरीर को लेकर वैरागी होकर आकाश मार्ग से भ्रमण कर रहे थे, तब इसी स्थान पर माता सती का सिर (सिर/मस्तक) गिरा था। समुद्र तल से लगभग 2,757 मीटर (9,000 फीट) की ऊंचाई पर स्थित यह धाम वर्ष भर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति, शक्ति और देवी मां के दिव्य आशीर्वाद का अहसास कराता है।
--आईएएनएस
डीसीएच/
