उत्तर प्रदेश चुनाव : सीटों को लेकर खींचतान के बीच कांग्रेस ने सपा से कहा, 'भावनाओं की कद्र करें'
लखनऊ, 25 नवंबर (आईएएनएस)। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन की खबरों के बीच सपा प्रमुख ने पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इसको लेकर गठबंधन पर सवालिया निशान लगाते हुए कांग्रेस पार्टी हमलावर है।
इसी बीच कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बुधवार को कहा कि दोनों पक्ष के नेताओं से विनम्र निवेदन है कि एक-दूसरे की भावनाओं की कद्र करें और विरोधी तानाशाह सरकार से मुक्ति दिलाने और आपसी सामन्जस्य को प्राथमिकता दें।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए लिखा कि मेरा दोनों पक्ष के नेताओं से विनम्र निवेदन है कि एक-दूसरे की भावनाओं की कद्र करते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरने व उत्तर प्रदेश की जनता को इस बुलडोजर वाली छात्र विरोधी, महिला विरोधी, किसान विरोधी, दलित विरोधी मुस्लिम व पिछड़ा विरोधी तानाशाह सरकार से मुक्ति दिलाने को प्राथमिकता दें और आपसी समन्वय से सौहार्दपूर्ण वातावरण में लक्ष्य की तरफ बढ़ें।
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा कि हम सभी के लिए जनभावना की कद्र करते हुए संविधान विरोधी, संवैधानिक संस्था व 27,000 सरकारी स्कूलों को बंद करने वाली, वंचित वर्गों के छात्रों के वजीफे को वर्षों तक रोकने वाली शिक्षा विरोधी सरकार से मुक्ति दिलाना जरूरी है।
दरअसल, अखिलेश यादव ने मंगलवार यानी 24 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में लिखा था कि इस बार एक ऐतिहासिक अवसर है, जब हम दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर सांप्रदायिक भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के साथियों को हमेशा के लिए हराकर, देश को गलत हाथों में जाकर बर्बाद होने से बचा सकते हैं। हम चाहते हैं कि आप और हम जन-अपेक्षाओं व वास्तविकताओं को समझकर गंभीर विचार-विमर्श करें, जिससे अधिकांश सीटों पर अपने 'गठबंधन' की जीत सुनिश्चित हो। जितनी सीटें आप-हम लड़ें, उनमें हमारी जीत की सीटें, न जीत पाने वाली सीटों से अधिक हों। जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी, क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि आपकी टीम की तरफ से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से जिन 26 सीटों पर आज बात हो गई है, उनके अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटें चिह्नित करके हमें भेज दें। फिर मिल बैठकर देखेंगे कि कौन सी सीट और उस पर कौन सा कैंडिडेट जीतने की पोजिशन में है। हो सकता है कि हम अपने आकलन और जीत के गणितीय समीकरण के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई जीतनेवाली सीटों के बारे में भी बताएं, जिन पर उन्होंने किसी कारणवश विचार ही नहीं किया है। हमारी कोशिश तो ये है कि जब बड़े नेता बैठें तो सभी सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ के प्रत्याशी के रूप में बात हो, न कि कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के रूप में और सबसे अच्छी और सकारात्मक परिणाम देने वाली बात तो ये होगी कि हम लोग अपने प्रत्याशी को ‘पीडीए प्रत्याशी’ के रूप में प्रस्तुत करें।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम
