Aapka Rajasthan

उत्तर प्रदेश में भी बहुत जल्द लागू होगा यूसीसी: अनिल राजभर

आजमगढ़, 14 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने को लेकर तैयारी चल रही है और इसे बहुत जल्द लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यूसीसी के संबंध में एक स्पष्ट लक्ष्य सामने रखा है।
 

आजमगढ़, 14 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने को लेकर तैयारी चल रही है और इसे बहुत जल्द लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यूसीसी के संबंध में एक स्पष्ट लक्ष्य सामने रखा है।

मीडिया से बातचीत के दौरान अनिल राजभर ने कहा कि बिल्कुल तैयारी है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने जो लक्ष्य दिया है, उसके अनुसार यह देश और समाज की जरूरत है। यह होना ही चाहिए। जिन प्रदेशों में यूसीसी लागू हो चुका है, उनका हम स्वागत करते हैं। उत्तर प्रदेश में भी इसे बहुत जल्द लागू किया जाएगा।

ब्रिक्स का जिक्र करते हुए मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि पूरी दुनिया ने भारत की ताकत और क्षमता को देखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह विभिन्न देशों के साथ तालमेल और संतुलन बनाया, उससे भारत द्वारा उठाए गए मुद्दों को ब्रिक्स के सदस्य देशों का समर्थन मिला। यह दुनिया में भारत के बढ़ते कद और महत्व को दर्शाता है।

उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व को दिया। उन्होंने दावा किया कि भारत द्वारा उठाए गए मुद्दों पर चीन, रूस और अन्य देशों ने भी समर्थन दिया।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा पर निशाना साधते हुए अनिल राजभर ने उन्हें ठगहारे बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे नेता फ्रॉड टाइप की राजनीति करते हैं और युवाओं को गुमराह करने का काम करते हैं।

मदरसों को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष के बयान पर सहमति जताते हुए मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप मदरसों से डॉक्टर और इंजीनियर निकलें। यदि कहीं से आतंकवाद जैसी गतिविधियां सामने आती हैं तो इस पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

पीएम मोदी के जन्मदिवस का जिक्र करते हुए मंत्री ने बताया कि भाजपा हर वर्ष प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा पखवाड़ा' आयोजित करती रही है। प्रधानमंत्री के लंबे सार्वजनिक जीवन और देश की सेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं में इन कार्यक्रमों को लेकर काफी उत्साह है।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीएससी