उत्तर प्रदेश के गंडक नदी में शव मिलने का मामला सुलझा, चार दोस्त गिरफ्तार
देवरिया, 1 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या मामले का खुलासा किया है। यह मामला भाटपार रानी थाना क्षेत्र का है, जहां गंडक नदी के सावरेजी पुल के पास से 22 वर्षीय युवक सुशील सहनी का शव बरामद हुआ था। पुलिस की जांच के बाद पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
पुलिस के मुताबिक, सुशील सहनी की हत्या उसके ही चार दोस्तों ने मिलकर की थी। इस मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दीपक गोड़, कमल अंसारी, नईम अंसारी और आशिक अंसारी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इनमें से एक आरोपी के खिलाफ पहले से भी मारपीट और गाली-गलौज का मामला दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि यह पूरी घटना 28 तारीख की रात की है, जब सभी आरोपी और मृतक एक साथ शराब पार्टी करने गए थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे झगड़े में बदल गया। इसी झगड़े में आरोपियों ने मिलकर सुशील सहनी के साथ मारपीट की और फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की पूरी योजना बनाई। उन्होंने पहले शव को एक नाव की मदद से गंडक नदी के बीच ले जाकर फेंक दिया, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन पुलिस की जांच में जल्द ही पूरे मामले की परतें खुलती चली गईं।
शव की पहचान होने के बाद मृतक के भाई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच, पूछताछ और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। चारों को गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि यह मामला पूरी तरह से आपसी विवाद और नशे में हुई बहस का नतीजा है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आरोपियों और मृतक के बीच पहले से भी हल्का-फुल्का विवाद चल रहा था, जो उस रात शराब पार्टी के दौरान हिंसक रूप ले गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना स्थल खैरात पुल के पास था, जहां मारपीट के बाद युवक को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाने और गंभीर चोटों के संकेत मिले हैं। अब मामले आगे की कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
पीआईएम/डीकेपी
