Aapka Rajasthan

उत्तर प्रदेश: ईद-उल-फितर पर अलग-अलग हिस्सों में शांतिपूर्ण ढंग से अदा हुई नमाज, पुलिस ने रखी निगरानी

लखनऊ, 21 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ईदगाह और मस्जिदों में ईद-उल-फितर पर नमाज अदा की गई। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक दूसरे को गले लगाया और ईद की मुबारकबाद दी। नमाज के समय ईदगाह और मस्जिदों के बाहर पुलिस की तैनाती भी रही।
 
उत्तर प्रदेश: ईद-उल-फितर पर अलग-अलग हिस्सों में शांतिपूर्ण ढंग से अदा हुई नमाज, पुलिस ने रखी निगरानी

लखनऊ, 21 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ईदगाह और मस्जिदों में ईद-उल-फितर पर नमाज अदा की गई। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक दूसरे को गले लगाया और ईद की मुबारकबाद दी। नमाज के समय ईदगाह और मस्जिदों के बाहर पुलिस की तैनाती भी रही।

हरदोई में पुलिस की मौजूदगी में शांतपूर्ण तरीके से नमाज हुई। ईद की नमाज के बाद एक व्यक्ति ने कहा, "आज ईद की नमाज अदा की गई है। रमजान का पूरा महीना इबादतों से भरा हुआ था। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पूरे महीने रोजा रखा। 30 रोजे मुकम्मल होने के बाद ईद का दिन आता है। ईदगाह में ईद की नमाज सुकून और अमन के साथ हुई है। पूरे देश में अमन-चैन के लिए दुआ मांगी गई है। हम सभी देशवासियों से अपील करते हैं कि आप सभी भाईचारा बनाकर रखें।"

एक अन्य व्यक्ति ने कहा, "ईद पर हर साल की तरह इस बार भी नमाज अदा की गई। सब कुछ शांतिपूर्ण रहा। हरदोई का यह इतिहास रहा है कि यहां अमन और ईमान के साथ हर काम हुए हैं। आज भी उसी चीज को आगे बढ़ाया गया है।"

हरदोई के जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि पूरे जिले में पुलिस और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा की जा रही है। सभी नगर निकायों में व्यापक साफ-सफाई का बंदोबस्त भी किया गया है। जिला पुलिस और प्रशासन की तरफ से हरदोई के लोगों को ईद की शुभकामनाएं देता हूं।

हरदोई के एसपी अशोक कुमार मीणा ने कहा कि हरदोई में ईद का त्योहार मनाया गया है। ईदगाह और मस्जिदों के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। सभी अधिकारियों ने अपने कार्यक्षेत्र में निगरानी रखी है।

इसी तरह, उत्तर प्रदेश के मेरठ में ईद की नमाज के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। शाही ईदगाह पर पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर मोड में नजर आया। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल की भी तैनाती की गई। एहतियात के तौर पर मेरठ में ईदगाह के बाहर ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी गई। वहीं, रामपुर में भारी सुरक्षा के बीच सभी ईदगाहों पर ईद-उल-फितर की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई।

हल्की बूंदाबांदी के बीच गोरखपुर में लोग मस्जिदों तक पहुंचे और नमाज अदा की। नमाजियों ने कहा कि ईद खुशियों का त्योहार होता है। एक महीना इबादत का होता है और इस दौरान व्यक्ति बुराइयों से दूर रहता है। आज हमने ईद की नमाज अदा की। ईदगाह में सभी ने एक दूसरे को गले लगाया। भारत तरक्की करे और महाशक्ति बने, अमन-चैन रहे, इसके लिए दुआ मांगी गई है।

मुरादाबाद में ईद-उल-फितर के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अनुज कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ईदगाह पहुंचे। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों से मुलाकात की और उन्हें ईद की मुबारकबाद दी।

--आईएएनएस

डीसीएच/