यूटीटी सीजन 7: पृथिका पावड़े के दम पर पीबीजी पुणे जगुआर ने दर्ज की पहली जीत
पणजी, 12 जुलाई (आईएएनएस)। अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन 7 में फ्रांस की ओलंपियन और लीग में पदार्पण कर रहीं पृथिका पावड़े ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पीबीजी पुणे जगुआर को सीजन की पहली जीत दिलाई। रविवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पुणे ने यूपी प्रोमेथियंस को 9-6 से हराया।
मुकाबले का सबसे यादगार क्षण महिला एकल के अंतिम मैच में देखने को मिला, जब पृथिका पावड़े ने दो बार की यूटीटी एमवीपी यांग्जी लियू को शानदार अंदाज में मात दी। पहला गेम हारने के बाद पावड़े ने जबरदस्त वापसी करते हुए अगले दो गेम अपने नाम किए और सीजन की सबसे बड़ी व्यक्तिगत जीतों में से एक दर्ज की। उनकी इस जीत ने पुणे की पहली सफलता सुनिश्चित कर दी।
टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के तत्वावधान में आयोजित और नीरज बजाज व वीटा दानी द्वारा प्रमोट किए जा रहे यूटीटी के सातवें सीजन में दुनिया भर के 42 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 14 ओलंपियन शामिल हैं। लीग का उद्देश्य उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धा के साथ भारतीय टेबल टेनिस प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ाना है।
मुकाबले की शुरुआत यूपी प्रोमेथियंस के पक्ष में रही। जर्मनी के रिकार्डो वाल्थर ने मिस्र के उमर असर को तीन गेम में हराकर अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। हालांकि, पुणे ने जल्द ही वापसी की। भारतीय खिलाड़ी दिया चितले ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार खेल दिखाते हुए सायाली वानी को हराकर स्कोर बराबर कर दिया।
इसके बाद मिश्रित डबल्स में स्नेहित स्नेहित एसएफआर और पृथिका पावड़े की जोड़ी ने गोल्डन पॉइंट्स जीतकर पुणे को बढ़त दिलाई। स्नेहित ने भी अपनी शानदार लय बरकरार रखते हुए सुधांशु ग्रोवर को तीन गेम तक चले मुकाबले में हराया और टीम की स्थिति मजबूत कर दी।
अंतिम महिला एकल मुकाबले में पृथिका पावड़े ने अनुभव और संयम का बेहतरीन प्रदर्शन किया। यांग्जी लियू के खिलाफ पहला गेम हारने के बावजूद उन्होंने शानदार वापसी की और लगातार दो गेम जीतकर पुणे की जीत पर मुहर लगा दी।
बेहतरीन प्रदर्शन के लिए पृथिका पावड़े को 'फॉरेन प्लेयर ऑफ द टाई' चुना गया। वहीं, स्नेहित एसएफआर को 'इंडियन प्लेयर ऑफ द टाई' और 'मैच आईक्यू प्लेयर ऑफ द टाई' का पुरस्कार मिला। उमर असर को उनके शानदार विनर शॉट के लिए 'बिसलेरी शॉट ऑफ द टाई' सम्मान दिया गया।
दिन के अन्य मुकाबलों में यूटीटी जूनियर्स में दबंग दिल्ली टीटीसी ने अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स को 6-3 से हराया, जबकि यू मुंबा टीटी ने एचवीआर कोलकाता थंडरब्लेड्स को 5-4 से मात देकर अपनी विजयी शुरुआत को बरकरार रखा।
--आईएएनएस
पीएके
