यूटीटी सीजन 7: मनिका और सोफिया का जलवा, पुणे जगुआर्स पर जीत के साथ टॉप पर अहमदाबाद पाइपर्स
पणजी (गोवा), 18 जुलाई (आईएएनएस)। अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन 7 के मुकाबले में, मनिका बत्रा ने पृथिका पावडे को सीधे गेम में शिकस्त देकर शानदार जीत दर्ज की। शनिवार को खेले गए मुकाबले में जीत के साथ अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स ने पीबीजी पुणे जगुआर्स पर 10-5 से जीत हासिल करते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
अहमदाबाद के विदेशी खिलाड़ियों (एड्रियन रासेनफॉस/सोफिया पोल्कानोवा) और पायस जैन-सोफिया पोल्कानोवा की मिक्स्ड डबल्स जोड़ी की शानदार जीत ने टीम को मजबूत नींव दी। इसके बाद मनिका ने शानदार अंदाज में जीत पक्की की।
पणजी के पास तलेइगाओ में स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में अहमदाबाद एपीएल ने शानदार शुरुआत की। एड्रियन रासेनफॉस ने स्नेहित सुरवज्जुला को इस सीजन की उनकी पहली सिंगल्स हार का स्वाद चखाया। उन्होंने शुरुआती संघर्ष के बाद वापसी करते हुए तीन गेम में मुकाबला (11-8, 11-6, 8-11) अपने नाम किया।
इसके बाद सोफिया पोल्कानोवा ने पहला गेम हारने के बाद वापसी करते हुए दीया चितले के साथ अपने पहले मुकाबले में उन्हें कड़ी टक्कर देते हुए हराया। उन्होंने दूसरा और तीसरा गेम 'गोल्डन प्वाइंट' पर जीतकर अपनी बढ़त को दोगुना कर दिया। पोल्कानोवा ने यह मैच 4-11, 11-10, 11-10 से अपने नाम किया।
पायस जैन/पोल्कानोवा ने मिक्स्ड डबल्स में संयम के साथ वापसी करते हुए अनिर्बान घोष/पृथिका पावडे को 9-11, 11-6, 11-7 से मात देकर अहमदाबाद पाइपर्स की बढ़त को और बढ़ाया, जबकि उमर असर ने पायस को तीन गेम (6-11, 11-7, 9-11) के एक और कड़े मुकाबले में हराकर पुणे की उम्मीदें जिंदा रखीं। हालांकि, मनिका ने सुनिश्चित किया कि अंत में कोई उलटफेर न हो; उन्होंने पूरे मैच पर नियंत्रण बनाए रखा और पावडे को सीधे गेम में 11-8, 11-7, 11-8 से हराकर पाइपर्स के लिए एक बड़ी जीत पक्की की।
पोल्कानोवा को 'मैच आईक्यू प्लेयर' और 'फॉरेन प्लेयर ऑफ द टाई' चुना गया, जबकि मनिका ने 'इंडियन प्लेयर ऑफ द टाई' का पुरस्कार जीता। वहीं, पावडे को 'बिस्लेरी शॉट ऑफ द टाई' का सम्मान मिला।
टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के तत्वावधान में बटरफ्लाई यूटीटी सीजन 7 में दुनिया भर के 42 खिलाड़ी (जिनमें 14 ओलंपियन शामिल हैं) हिस्सा ले रहे हैं।
--आईएएनएस
आरएसजी
