यूएस ओपन 2026: रौनक चौहान ने वर्ल्ड नंबर 6 चाउ टिएन चेन को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई
फुलर्टन, 26 जून (आईएएनएस)। भारत के रौनक चौहान ने गुरुवार को यहां यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में सबसे बड़ा उलटफेर किया। रौनक ने वर्ल्ड नंबर 6 और पुरुष एकल में टॉप सीड चीनी ताइपे के चाउ टिएन चेन को सीधे गेम में हरा दिया।
दुनिया के 80वें नंबर के खिलाड़ी चौहान भारत के कांस्य पदक जीतने वाले वर्ल्ड जूनियर कैंपेन का हिस्सा थे। चौहान ने चाउ को 21-17, 26-24 से हराकर इजरायल के मिशा जिल्बरमैन के खिलाफ आखिरी आठ में जगह बनाई।
18 साल के भारत के खिलाड़ी ने शुरू से ही अपने से ज्यादा अनुभवी विरोधी पर दबाव बनाए रखा। हालांकि, चाउ 17-15 तक आगे रहे, लेकिन इसके बाद चौहान ने लगातार छह पॉइंट जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में ज्यादातर समय चाउ हावी रहे और उन्होंने 17-11 की बढ़त बना ली। चौहान ने एक बार फिर से वापसी की और लगातार छह पॉइंट लेकर बराबरी कर ली। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों में जीत के लिए कांटे की टक्कर देखने को मिली। चौहान ने चार गेम पॉइंट बचाए और फिर अपना दूसरा मैच पॉइंट बदलकर 49 मिनट में जीत हासिल की।
महिला एकल में वर्ल्ड जूनियर रजत पदक विजेता तन्वी शर्मा, रक्षिता श्री और देविका सिहाग भी आखिरी आठ में पहुंचीं।
पांचवीं सीड तन्वी ने चीनी ताइपे की तुंग सिउ-टोंग को 21-12, 21-19 से हराया, रक्षिता ने तुंग की हमवतन चेन सू यू को 21-4, 21-19 से हराया, जबकि छठी सीड देविका ने थाईलैंड की टोनरुग साएहेंग को 21-17, 21-19 से हराया। इसके बाद अनुभवी किदांबी श्रीकांत ने मलेशिया के ली जी जिया को 21-14, 21-13 से हराकर भारत के लिए एक अच्छे दिन का अंत किया।
यूएस ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट की शुरुआत 23 जून को हुई थी। यह टूर्नामेंट 28 जून 2026 तक खेला जाएगा।
--आईएएनएस
पीएके
