यूपीएससी ने एंथ्रोपोलॉजिस्ट पदों पर निकाली भर्ती, जल्द भरें फॉर्म, आवेदन प्रक्रिया जारी
नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय मानवविज्ञान सर्वेक्षण के तहत एंथ्रोपोलॉजिस्ट (मानवविज्ञानी) के अलग-अलग दो पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
यूपीएससी ने जिन दो पदों पर भर्ती के लिए एप्लीकेशन मांगे हैं, उनमें मानवविज्ञानी (सांस्कृतिक मानवविज्ञान विभाग) - (ओबीसी) का 1 और मानवविज्ञानी (भौतिक मानवविज्ञान विभाग) - (यूआर) का 1 पद शामिल हैं।
आयोग की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया 28 मार्च से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 17 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, उन्हें यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार मानवशास्त्र में पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए, जिसमें अंतिम वर्ष की परीक्षा में 50% से अधिक प्रश्न सांस्कृतिक मानवविज्ञान से संबंधित होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और कम से कम तीन वर्षों का शोध अनुभव होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, पर्सनल इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 56,100 से 1,77,500 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो यूआर/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 25 रुपए तय किया गया है। वहीं, महिलाएं/अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/पीएम
