यूपीएससी भर्ती 2026: असिस्टेंट प्रोफेसर समेत 212 पदों पर वैकेंसी का नोटिफिकेशन जारी, आवेदन 12 सितंबर से
नई दिल्ली, 11 सितंबर (आईएएनएस)। आज भी देश के ज्यादातर युवा प्राइवेट सेक्टर की नौकरियों के मुकाबले सरकारी नौकरियों को प्राथमिकता देते हैं। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सीधी भर्ती के तहत विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कुल 212 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके वैकेंसी की घोषणा की है।
यूपीएससी की ओर से जारी 212 रिक्तियों में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग में स्पेशलिस्ट ग्रेड-III असिस्टेंट प्रोफेसर (एनाटॉमी) के 4 और स्पेशलिस्ट ग्रेड-III असिस्टेंट प्रोफेसर (जनरल मेडिसिन) के 60; खान मंत्रालय के इंडियन ब्यूरो ऑफ माइन्स में असिस्टेंट एडिटर के 2; नई दिल्ली नगर परिषद (एनएमडीसी) में स्पेशलिस्ट ग्रेड-II (जूनियर स्केल) - एनेस्थिसियोलॉजी का 1 और स्पेशलिस्ट ग्रेड-II (जूनियर स्केल) - पीडियाट्रिक्स का 1; दिल्ली सरकार (एनसीटी) के गृह विभाग के अंतर्गत अभियोजन निदेशालय में असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के 140 रिक्तियां; और लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन के तहत विधि और न्याय विभाग में पब्लिक लॉ ऑफिसर/जिला लिटिगेशन ऑफिसर/लॉ ऑफिसर के 4 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 12 सितंबर से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि लद्दाख यूटी के प्रशासन के तहत आने वाले पदों को छोड़कर अन्य पदों के लिए 2 अक्टूबर की शाम 6 बजे तक तय की गई है। वहीं, लद्दाख यूटी के प्रशासन के तहत आने वाले पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पद के अनुसार तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित क्षेत्र के अनुसार एनाटॉमी में पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री (एमएस/एमडी/डीएनबी एनाटॉमी या एमएससी एनाटॉमी के साथ एमबीबीएस या पीएचडी/डीएससी के साथ एमएससी मेडिकल एनाटॉमी), एमबीबीएस के साथ ही मेडिसिन/जनरल मेडिसिन (एमडी/डीएनबी) में पोस्टग्रेजुएट डिग्री, एमबीबीएस के साथ एनेस्थिसियोलॉजी में पीजी डिग्री/डिप्लोमा (एमडी/एमएस एनेस्थिसियोलॉजी, डीए, एफएफएआरसीएस या इसके बराबर), जर्नलिज्म या मास कम्युनिकेशन में बैचलर डिग्री/इकोनॉमिक्स, स्टैटिस्टिक्स या इंग्लिश विषय के साथ बैचलर डिग्री और कम से कम एक वर्ष का जर्नलिज्म या मास-कम्युनिकेशन का डिप्लोमा; मान्यता प्राप्त मेडिकल योग्यता के साथ पीडियाट्रिक्स (बच्चों के रोगों) में पीजी डिग्री/डिप्लोमा (एमडी पीडियाट्रिक्स या डिप्लोमा पीडियाट्रिक्स/डीसीएच), कानून में डिग्री, आदि योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पद के अनुसार निर्धारित तय वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 30 से 50 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमी में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, इंटरव्यू, दस्तावेज सत्यापन आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 7वें सीपीसी के तहत, पे मैट्रिक्स में लेवल-7 से 11 के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 25 रुपए तय किया गया है। वहीं, महिलाएं/एससी/एसटी और पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/पीएम
