यूपीआईटीएस-2026 के चौथे संस्करण का ऐलान, 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा आयोजन
नोएडा, 27 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने एमएसएमई दिवस 2026 के अवसर पर शनिवार को सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के नए मुख्यालय में आयोजित भव्य कर्टन रेजर समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस -2026) के चौथे संस्करण की औपचारिक घोषणा की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होकर ट्रेड शो का शुभारंभ किया। यह आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज प्रगतिशील नीतियों, विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचे, मजबूत एमएसएमई क्षेत्र और बढ़ते निर्यात के कारण देश की सबसे तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है।
उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो ने बेहद कम समय में वैश्विक व्यापारिक मंच के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। यह आयोजन प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने, स्थानीय उद्यमों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने और निवेश आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार ट्रेड शो में पहली बार 'वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन (ओडीओसी)' पहल को प्रमुख आकर्षण बनाया जाएगा। इसके माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों की पारंपरिक खाद्य संस्कृति, स्थानीय व्यंजन और खाद्य उद्यमों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम में एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो आज देश के सबसे प्रभावशाली राज्य स्तरीय व्यापारिक आयोजनों में शामिल हो चुका है। यह मंच एमएसएमई, ओडीओपी उद्यमों, स्टार्टअप्स, कारीगरों और बड़े उद्योगों को नए बाजार, व्यापारिक साझेदारी और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचने का अवसर प्रदान करता है।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में एमएसएमई और निर्यात अवसंरचना को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इनमें रायबरेली, मऊ, प्रयागराज, प्रतापगढ़ और महोबा में एमएसएमई क्लस्टर पार्क, लखनऊ में ट्रेड प्रमोशन सेंटर, वाराणसी, कौशाम्बी और गोंडा में ओडीओपी कॉमन फैसिलिटी सेंटर तथा कानपुर नगर, रायबरेली और अयोध्या के मिनी औद्योगिक आस्थानों के उच्चीकरण कार्य शामिल हैं। साथ ही वाराणसी, शामली और अमेठी में नए जिला उद्योग केंद्र भवनों का भी शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना एवं ओडीओपी योजना के लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए गए, जबकि उत्कृष्ट उद्यमियों को माटी कला शिल्पकारी और खादी ग्रामोद्योग पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सरकार के अनुसार, वर्ष 2025 के ट्रेड शो में 5.07 लाख से अधिक आगंतुक, 2,228 प्रदर्शक, 1.40 लाख से अधिक बी2बी विजिटर और 85 देशों के 550 से अधिक विदेशी खरीदार शामिल हुए थे।
इस सफलता को देखते हुए सरकार को उम्मीद है कि यूपीआईटीएस -2026 अब तक का सबसे बड़ा और प्रभावशाली संस्करण साबित होगा तथा उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार, निवेश, विनिर्माण और निर्यात के प्रमुख केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाएगा।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएसएच
