उपचुनावः रेजीनगर में 18.5 और नंदीग्राम में 9 बजे तक 20.9 फीसदी मतदान हुआ
नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। दो राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की पांच विधानसभा सीटों और असम की एक संसदीय सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है।
पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु में मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों के अलावा पुडुचेरी में थट्टनचावड़ी और असम में नागांव लोकसभा सीट पर मतदान हो रहा है। पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम विधानसभा सीट पर 20.89 फीसदी और रेजीनगर में सुबह 9 बजे तक 18.05 फीसदी मतदान हुआ है।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी इस साल के विधानसभा चुनावों में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटें जीती थीं। इसके बाद उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखने का फैसला किया और नंदीग्राम सीट छोड़ दी। इसलिए नंदीग्राम में मतदान हो रहा है। भाजपा ने नंदीग्राम से हसीरानी रथ को अपना उम्मीदवार बनाया है। वह अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मां हैं, जिनकी हत्या कर दी गई थी। चंद्रनाथ रथ की हत्या 6 मई को नॉर्थ 24 परगना के मध्यमग्राम में हुई थी।
वहीं, बंगाल विधानसभा चुनावों में आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के संस्थापक हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद जिले की नवाद और रेजीनगर दोनों विधानसभा सीटें जीती थीं। बाद में उन्होंने नवादा सीट अपने पास रखने का फैसला किया, जिससे रेजीनगर में उपचुनाव की जरूरत पड़ी।
नंदीग्राम में एसपी अंशुमान साहा ने बताया कि "अभी अशांति की कोई खास खबर नहीं है। कुछ जगहों से लोगों के जमा होने या अन्य तरह की जो भी जानकारी मिली, उस पर हमने तुरंत कार्रवाई की। अभी लोगों की कोई खास शिकायत नहीं है। हर जगह वोटर बिना किसी रुकावट के वोट डाल रहे हैं। कई जगहों पर लंबी लाइनें लगी हैं। अभी सब कुछ बिना किसी रुकावट के चल रहा है।"
वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने मीडिया से बातचीत में कहा, "इस बार हम नंदीग्राम में पिछली बार के अंतर से पांच गुना ज़्यादा अंतर से जीत रहे हैं। रेजीनगर, जिसे अल्पसंख्यक-बहुल सीट माना जाता है और कहा जाता है कि वहां अल्पसंख्यक भाजपा का समर्थन नहीं करते, वहां भी आप इस बार नतीजा देखेंगे। वहां भी भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की जीत पक्की करेंगे।"
सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम उपचुनाव में अपना वोट डालने के लिए बूथ नंबर 79 पर पहुंचेंगे।
--आईएएनएस
ओपी/एएस
