उपराष्ट्रपति, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री एक साथ करेंगे श्रीरामलला की आरती
अयोध्या, 6 नवंबर (आईएएनएस)। श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में 7 नवंबर को आयोजित दीपोत्सव के अवसर पर भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक साथ श्रीरामलला की आरती करेंगे। आरती का समय अपराह्न 2:30 से 3 बजे के मध्य निर्धारित किया गया है।
इस पावन अवसर पर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव पूज्य स्वामी गोविन्ददेव गिरि जी महाराज उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का स्वागत करेंगे। न्यास की धार्मिक समिति के पांच संत भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। व्यवस्थाओं के समन्वय के लिए न्यास के सचिव जगदीश आफले एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (सेवानिवृत्त) भी उपस्थित रहेंगे।
दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी) के सभागार में मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री जितेन्द्र मिश्र की अध्यक्षता में विस्तृत बैठक सम्पन्न हुई। सभी क्षेत्र प्रभारियों ने बताया कि शनिवार को दीप प्रज्ज्वलन की समस्त तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। इस अवसर पर श्रीराम मन्दिर परिसर में लगभग एक लाख दीप प्रज्ज्वलित किये जाएंगे।
इस आयोजन में न्यास की व्यवस्थाओं से जुड़े लगभग 1,500 श्रद्धालु दीप प्रज्ज्वलन का कार्य करेंगे। उनके अतिरिक्त आमंत्रित परिवारीजनों सहित लगभग 1,500 अन्य श्रद्धालु भी उत्साहपूर्वक सहभागी होंगे। इस प्रकार लगभग 3,000 श्रद्धालु श्रीराम मंदिर परिसर में आयोजित दीपोत्सव के सहभागी एवं साक्षी बनेंगे। सभी आमंत्रित श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर में प्रवेश दोपहर 12 बजे तक सुनिश्चित किया गया है। उनके लिए प्रवेश-पत्रों की व्यवस्था भी पूर्ण कर ली गई है।
शुक्रवार की बैठक में पूज्य स्वामी गोविन्ददेव गिरि जी महाराज ने दीपोत्सव की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया तथा सभी को दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (कानून-व्यवस्था) इन्द्रकांत द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) विजय शंकर मिश्र ने प्रशासनिक एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं से अवगत कराया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी जितेन्द्र मिश्र ने इन आवश्यकताओं के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
--आईएएनएस
डीकेपी/
