Aapka Rajasthan

यूपी सरकार का स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त छठ घाटों पर जोर

लखनऊ, 14 नवंबर (आईएएनएस)। छठ पर्व को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही घाटों को प्लास्टिक मुक्त रखने और स्वच्छता की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए नगरीय निकायों को घाटों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, अपशिष्ट प्रबंधन और जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं।
 

लखनऊ, 14 नवंबर (आईएएनएस)। छठ पर्व को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही घाटों को प्लास्टिक मुक्त रखने और स्वच्छता की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए नगरीय निकायों को घाटों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, अपशिष्ट प्रबंधन और जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान के तहत सभी छठ घाटों की समुचित साफ-सफाई, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। कचरा संवेदनशील स्थलों का सौंदर्यीकरण करने के साथ ही वृक्षारोपण को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रत्येक घाट पर अर्पण कलश स्थापित किए गए हैं, ताकि फूलों और पूजा सामग्री का अलग-अलग संग्रहण किया जा सके। इसके अलावा हरे और नीले डस्टबिन के माध्यम से गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण कर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा।

योगी सरकार की मंशा के अनुरूप छठ घाटों को नो प्लास्टिक जोन के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने के साथ ही श्रद्धालुओं को पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। आयोजन को जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में संपन्न कराने का लक्ष्य रखा गया है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल टॉयलेट, स्नानघर और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है। स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश, सुरक्षा व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती और आपातकालीन सेवाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

घाटों पर दिशा-सूचक बोर्ड और जागरूकता संबंधी साइनेज लगाए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए स्वच्छ सारथी क्लब, स्वयंसेवी संगठनों, एनजीओ, सीएसओ और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। श्रमदान, सामूहिक स्वच्छता अभियान, रंगोली, पेंटिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। नुक्कड़ नाटक, जिंगल और वीडियो के जरिए भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।

घाटों पर प्रतिदिन कम से कम दो बार सफाई, कचरे एवं सिल्ट का तत्काल उठान और अधिकारियों-कर्मचारियों की रोस्टरवार ड्यूटी सुनिश्चित की गई है। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से श्रद्धालुओं को स्वच्छता संबंधी संदेश दिए जा रहे हैं। छठ पूजा संपन्न होने के बाद भी घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा, ताकि पूजा स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनी रहे।

इस वर्ष भी छठ पर्व के अवसर पर स्वच्छ घाट प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से नगरीय निकायों के बीच स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, नागरिक सुविधाओं और बेहतर प्रबंधन को लेकर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया जाएगा। सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने और उत्कृष्ट कार्य करने वाले निकायों को प्रतियोगिता के तहत सम्मानित किया जाएगा।

--आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी