Aapka Rajasthan

यूपी में सत्ता परिवर्तन तय, सपा की सरकार बनने जा रही : विधायक रविदास मेहरोत्रा

लखनऊ, 24 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने दावा किया है कि 2027 में प्रदेश की जनता सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है और विधानसभा चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है।
 

लखनऊ, 24 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने दावा किया है कि 2027 में प्रदेश की जनता सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है और विधानसभा चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है।

उन्होंने कहा कि गैर-भाजपा वोटों के बंटवारे को रोकने के लिए समाजवादी पार्टी अन्य विपक्षी दलों के साथ तालमेल की संभावनाओं पर बातचीत कर रही है। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी (आप) से भी बातचीत चल रही है और गठबंधन से जुड़े अंतिम फैसले का अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पास है।

आईएएनएस से खास बातचीत में रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा अकेले भी सरकार बनाने में सक्षम है। हालांकि, चुनाव में गैर-भाजपा मतों का विभाजन रोकने के लिए पार्टी सहयोगी दलों से तालमेल की कोशिश कर रही है। 2027 का चुनाव इंडिया गठबंधन मिलकर लड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अभी सीटों का कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है और इस संबंध में निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा।

उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए हर पोलिंग बूथ पर कमेटियां गठित कर ली हैं। पार्टी जमीनी स्तर पर लगातार सक्रिय है और भाजपा सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रही है। पीडीए समाज को जब तक उसका हक, अधिकार, न्याय और सम्मान नहीं मिलता, तब तक पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

अयोध्या में कथित मछली भोज को लेकर चल रहे विवाद पर भी रविदास मेहरोत्रा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अयोध्या में निषाद समाज का कार्यक्रम था और निषाद समाज के लोग मछली खाते और खिलाते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जब लोग अयोध्या में भगवान राम के दर्शन के लिए गए थे, उस समय उन्हें मछली या अन्य नॉनवेज खाने से बचना चाहिए था। अयोध्या में मछली खाना उचित नहीं था, लेकिन यदि भाजपा सरकार नॉनवेज पर प्रतिबंध लगाने की बात करती है तो उसे शराब पर भी प्रतिबंध लगाना चाहिए।

दिल्ली में 5 सितंबर को पुलिस मुख्यालय तक प्रस्तावित मार्च को लेकर भी सपा विधायक ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को छात्रों और युवाओं के प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर बार-बार लाठीचार्ज किया गया और प्रदर्शनकारियों के साथ अत्याचार एवं अन्याय हुआ। उन्होंने कहा कि 5 सितंबर को दिल्ली में पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन करने जा रहे युवाओं को सरकार को बातचीत के लिए बुलाना चाहिए। जिन लोगों पर लाठीचार्ज, कथित गोली चलाने और प्रदर्शनकारियों के कपड़े फाड़ने जैसी घटनाओं के लिए जिम्मेदारी बनती है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

भाजपा एमएलसी डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल के उस बयान पर भी रविदास मेहरोत्रा ने पलटवार किया, जिसमें उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर मुख्यमंत्री रहते दलितों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया था। मेहरोत्रा ने कहा कि अखिलेश यादव का लगातार बढ़ता जनाधार देखकर भाजपा घबरा गई है और इसी वजह से उसके नेता अनर्गल बयान दे रहे हैं। भाजपा सरकार में दलितों और पिछड़ों का अपमान हो रहा है तथा उनके आरक्षण को समाप्त करने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दलितों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं हो रही हैं और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाएं भी सामने आती रही हैं।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बयान पर मेहरोत्रा ने कहा कि दलितों को मिलने वाला आरक्षण उनका संवैधानिक अधिकार है और इसे खत्म नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दलितों के आरक्षण को खत्म करने की दिशा में काम कर रही है और इसी वजह से देश में एक विशेष माहौल तैयार किया जा रहा है। यदि ऐसा प्रयास किया गया तो देशभर में बड़ा जनआंदोलन खड़ा होगा।

--आईएएनएस

पीएसके/एबीएम