Aapka Rajasthan

यूपी में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 21 से दो दिन चलेगा विशेष अभियान, बूथों पर मिलेंगे बीएलओ

लखनऊ, 20 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को अपडेट और समावेशी बनाने के लिए निर्वाचन आयोग 21 और 22 नवंबर को प्रदेशव्यापी विशेष अभियान चलाएगा। इस दौरान सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे।
 

लखनऊ, 20 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को अपडेट और समावेशी बनाने के लिए निर्वाचन आयोग 21 और 22 नवंबर को प्रदेशव्यापी विशेष अभियान चलाएगा। इस दौरान सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे।

अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं को पंजीकरण का अवसर दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को बताया कि अर्हता तिथि एक जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में ये विशेष अभियान आयोजित किए जा रहे हैं।

इसके तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 21 और 22 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ के पास 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। नागरिक मौके पर ही सूची में अपना नाम जांच सकेंगे। इसके अलावा नाम दर्ज कराने, नाम हटाने और मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन के लिए पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर नागरिकों की सहायता और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प डेस्क भी सक्रिय रहेगी। इसके साथ ही जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से भी जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को अभियान को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों तक पहुंचने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इस काम में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए), पूर्व और वर्तमान ग्राम प्रधानों, पार्षदों तथा स्थानीय स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जाए। सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इसका लाभ उठा सकें।

उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को विशेष अभियान दिवसों पर मतदेय स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारी भी विभिन्न जिलों में पहुंचकर अभियान की निगरानी करेंगे और बीएलओ के कार्यों की गुणवत्ता का आकलन करेंगे।

नवदीप रिणवा ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। सूची में नाम नहीं होने पर पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकते हैं, जबकि मतदाता सूची में दर्ज किसी विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना जरूरी है।

--आईएएनएस

विकेटी/एमएस