Aapka Rajasthan

यूपी में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, जेवर में इमरान हत्याकांड के दो आरोपी घायल, अमेठी में शातिर चोर गिरफ्तार

नोएडा/अमेठी, 3 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को दो अलग-अलग जिलों में बड़ी सफलता मिली है। जेवर में इमरान हत्याकांड के दो फरार आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। वहीं, अमेठी में पुलिस और अंतर्जनपदीय चोरों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके भाई को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
 
पहला मामला गौतमबुद्ध नगर के जेवर का है। यहां झांझर रोड स्थित पावर हाउस के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शेरू उर्फ शेर मोहम्मद और मौसीम के पैर में गोली लग गई। दोनों बदमाश 7 अक्टूबर की रात इमरान की गोली मारकर हत्या के मामले में फरार चल रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, पांच कारतूस और दो खोखा बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जेवर पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

वहीं, दूसरा मामला अमेठी जिले का है। यहां शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के कुकहा रामपुर गांव के पास पुलिस और अंतर्जनपदीय चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वकील उर्फ सेनापति के पैर में गोली लगी, जबकि उसके भाई चांद को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों ने करीब 15 दिन पहले शिवरतनगंज क्षेत्र के चार घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार वकील के खिलाफ अमेठी, बाराबंकी और अयोध्या के विभिन्न थानों में चोरी समेत अन्य मामलों के कुल 32 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, जिंदा कारतूस, सोने-चांदी के जेवर और एक स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।

ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत स्वाट टीम, बाजार शुकुल और इन्हौना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। अमेठी के अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 19 और 20 अक्टूबर की रात शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के चार घरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच टीमों का गठन किया गया था।

एएसपी के मुताबिक, अभियान के तहत संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम का बदमाशों से सामना हुआ और मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

--आईएएनएस

एसएके/एएस