Aapka Rajasthan

यूपी में भीषण गर्मी से बढ़ी बिजली खपत, सरकार कर रही निर्बाध सप्लाई की कोशिश: जयवीर सिंह

मैनपुरी, 23 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का असर अब बिजली व्यवस्था पर साफ दिखने लगा है। लगातार बढ़ते तापमान और बिजली की रिकॉर्ड मांग के बीच सिस्टम पर भारी दबाव बना हुआ है। इसी बीच प्रदेश सरकार के मंत्री जयवीर सिंह ने सरकार की तैयारियों के बारे में जानकारी दी है।
 
यूपी में भीषण गर्मी से बढ़ी बिजली खपत, सरकार कर रही निर्बाध सप्लाई की कोशिश: जयवीर सिंह

मैनपुरी, 23 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का असर अब बिजली व्यवस्था पर साफ दिखने लगा है। लगातार बढ़ते तापमान और बिजली की रिकॉर्ड मांग के बीच सिस्टम पर भारी दबाव बना हुआ है। इसी बीच प्रदेश सरकार के मंत्री जयवीर सिंह ने सरकार की तैयारियों के बारे में जानकारी दी है।

जयवीर सिंह ने शनिवार को आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि इस समय पूरे उत्तर भारत में भीषण हीटवेव चल रही है और कई शहरों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। इस वजह से बिजली की मांग अचानक बहुत ज्यादा बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकार लगातार यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है कि लोगों को बिना रुकावट बिजली सप्लाई मिलती रहे और जहां भी कोई तकनीकी खराबी या फॉल्ट आए, उसे तुरंत ठीक किया जाए।

मंत्री ने यह भी माना कि कुछ जगहों पर दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कई मामलों में नीचे के अधिकारियों की लापरवाही या सिस्टम की कमी की वजह से भी जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालांकि सरकार इस बात को गंभीरता से ले रही है और ऐसे मामलों में कार्रवाई भी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जहां भी गंभीर लापरवाही सामने आती है, वहां संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कदम उठाए जा रहे हैं, और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। सरकार का प्रयास है कि किसी भी कीमत पर लोगों को बिजली संकट का सामना न करना पड़े।

वहीं दूसरी ओर गोंडा में तापमान बढ़ने से ट्रांसफॉर्मर ओवरहीट होने लगे हैं। स्थिति को संभालने के लिए बिजली विभाग के कर्मचारी ट्रांसफॉर्मर को पानी के स्प्रे और बड़े पंखों की मदद से ठंडा करने की कोशिश कर रहे हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, इस समय बिजली की मांग लगभग 800 मेगावाट तक पहुंच गई है, जो सामान्य से काफी ज्यादा है। इस बढ़ी हुई मांग की वजह से बिजली ढांचे पर भारी दबाव पड़ रहा है और ट्रांसफॉर्मर के फेल होने का खतरा बढ़ गया है।

एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि ट्रांसफॉर्मर का तापमान सामान्य से काफी ऊपर जा रहा है, इसलिए उसे सुरक्षित रखने के लिए बीच-बीच में ठंडा करना जरूरी हो गया है। अगर किसी भी ट्रांसफॉर्मर में खराबी आती है, तो पूरे इलाके की बिजली सप्लाई प्रभावित हो सकती है। इसी वजह से बिजली विभाग की टीमें लगातार फील्ड में मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि बिजली उपकरणों का उपयोग सोच-समझकर करें और एक साथ भारी लोड वाले उपकरण न चलाएं।

--आईएएनएस

पीआईएम/डीकेपी