यूपी: कौशांबी आग हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख, आर्थिक मदद का ऐलान
लखनऊ, 31 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में पटाखा फैक्ट्री भीषण हादसे में हुई 11 लोगों की मौत पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए बतौर आर्थिक मदद देने की ऐलान किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि उत्तर प्रदेश के कौशांबी में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे में लोगों की मौत से बहुत दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायल लोग जल्द स्वस्थ हों।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस भीषण हादसे पर दुख जताया है। सीएम योगी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जनपद कौशाम्बी में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवारों से संपर्क कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु भी निर्देशित किया है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के पिपरी पुलिस स्टेशन इलाके में स्थित मनौरी बाजार में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने और उसके बाद कई धमाके होने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।
प्रशासन के अनुसार, अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि पांच घायल लोगों का इलाज प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में चल रहा है। अधिकारियों ने कहा कि तलाशी अभियान के दौरान मिलने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए उन्होंने तुरंत मेडिकल मदद का इंतजाम किया है।
जिला मजिस्ट्रेट ने इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि कानून की गंभीर धाराओं के तहत आपराधिक मामले दर्ज किए जाएंगे और सरकारी निर्देशों के अनुसार संपत्ति जब्त करने सहित सख्त कदम उठाए जाएंगे।
धमाकों के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर दी। अधिकारियों को आशंका है कि धमाके में गिरी फैक्टरी और आसपास की इमारतों के मलबे के नीचे अभी और लोग दबे हो सकते हैं। तलाशी और मलबा हटाने का काम जारी है।
--आईएएनएस
एमएस/
