यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
ग्रेटर नोएडा, 24 सितंबर (आईएएनएस)। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
आयोजन के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में उद्यमियों, खरीदारों, निवेशकों, प्रतिनिधियों और आगंतुकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और वीवीआईपी मूवमेंट पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
इसी क्रम में 24 सितंबर को जिलाधिकारी ने इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और आयोजन शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का दोबारा परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्थलीय निरीक्षण के बाद एक्सपो मार्ट के सभागार में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी की संयुक्त अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, अग्नि सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, खाद्य सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और वीवीआईपी आगमन से जुड़ी तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन की महत्ता और वीवीआईपी आगमन को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराने को कहा। निर्धारित मार्गों पर यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग, डायवर्जन और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों का व्यवस्थित संचालन और कार्यक्रम स्थल तक आगंतुकों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आयोजन स्थल के आसपास अनावश्यक जाम या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अग्निशमन विभाग को सभी आवश्यक उपकरणों की जांच और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। वहीं खाद्य सुरक्षा को लेकर अधिकारियों से कहा गया कि ट्रेड शो के दौरान उपलब्ध कराए जाने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखी जाए।
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ वैकल्पिक और बैकअप व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो।
बैठक में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाओं, एंबुलेंस की उपलब्धता, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और आगंतुकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आयोजन के दौरान कर्मचारी अपने निर्धारित स्थानों पर मौजूद रहें और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करें।
हेलीपैड और वीवीआईपी आगमन से जुड़ी प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्धारित मानकों के अनुसार सभी तैयारियां समय से पूरी करने और संबंधित व्यवस्थाओं का दोबारा परीक्षण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो अंतरराष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण आयोजन है। इसमें बड़ी संख्या में देश-विदेश के उद्यमी, खरीदार, निवेशक और प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसलिए प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करे और आपसी समन्वय बनाए रखे।
उन्होंने कहा कि आयोजन से जुड़ी किसी भी व्यवस्था में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यदि अंतिम निरीक्षण में कहीं कोई कमी सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, एडिशनल सीपी राजीव नारायण मिश्रा, एसीईओ यमुना विकास प्राधिकरण शैलेन्द्र भाटिया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएसएच
