यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारी को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश, प्रमुख सचिव ने इंडिया एक्सपो मार्ट का किया निरीक्षण
ग्रेटर नोएडा, 10 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में सोमवार को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चतुर्थ संस्करण की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग, शशि भूषण लाल सुशील ने आयोजन स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़े सभी लंबित कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर अंतिम रूप दिया जाए। प्रमुख सचिव ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक, सांस्कृतिक और हस्तशिल्प क्षमता को देश और दुनिया के सामने प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), ओडीओपी उत्पादों, हस्तशिल्प, हथकरघा, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, सेवा क्षेत्र तथा विभिन्न औद्योगिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने का अवसर मिलता है। समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने अब तक की गई तैयारियों की जानकारी प्रमुख सचिव के सामने रखी।
उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन में देश-विदेश से आने वाले उद्यमियों, निवेशकों, खरीदारों, प्रतिनिधियों और आम आगंतुकों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए आयोजन स्थल पर आवागमन, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, बिजली आपूर्ति, अग्निशमन, चिकित्सा सुविधा, साइनेज और सूचना केंद्र जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि ट्रेड शो केवल एक प्रदर्शनी बनकर न रह जाए, बल्कि इसके माध्यम से प्रदेश के उद्यमियों को नए बाजार, निवेश और निर्यात के अवसर मिलें। संभावित खरीदारों और निवेशकों के साथ प्रभावी बिजनेस कनेक्ट स्थापित कराने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
प्रमुख सचिव ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के व्यापक प्रचार-प्रसार को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक उद्यमियों, व्यापारियों, निवेशकों, निर्यातकों, खरीदारों, शिक्षण संस्थानों और आम लोगों तक पहुंचनी चाहिए। इसके लिए डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया समेत विभिन्न प्रचार माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल करने को कहा गया। इसके साथ ही देश के अन्य राज्यों और विदेशों से संभावित खरीदारों एवं निवेशकों को आकर्षित करने के लिए लक्षित प्रचार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। आसपास के जिलों के औद्योगिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, आरडब्ल्यूए और शैक्षणिक संस्थानों को भी आयोजन से जोड़ने पर जोर दिया गया। ट्रेड शो के दौरान ग्रेटर नोएडा और आसपास के इलाकों में बढ़ने वाले यातायात दबाव को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई।
प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि आयोजन स्थल तक आगंतुकों की सुगम पहुंच के लिए पर्याप्त परिवहन व्यवस्था की जाए। संभावित जाम वाले स्थानों को पहले से चिन्हित कर उनके लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग स्थल, शटल सेवा और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को समय रहते अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए, ताकि आयोजन के दौरान यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रमुख सचिव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन की सफलता के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया और प्रमुख सचिव को भरोसा दिलाया कि दिए गए निर्देशों का संबंधित विभागों के माध्यम से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।
बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा प्रेरणा सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा वंदना त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, सीओ इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चतुर्थ संस्करण को भव्य, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और देश-विदेश के निवेशकों एवं खरीदारों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनाने में कोई कमी न छोड़ी जाए।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
