यूपी दिल्ली का सीधा रास्ता खोलता है, आगामी चुनाव इतिहास रचेगा: विधायक पल्लवी पटेल
प्रतापगढ़, 9 अगस्त (आईएएनएस)। अपना दल (कमेरावादी) नेता और सिराथू से विधायक पल्लवी पटेल ने रविवार को प्रतापगढ़ में घर गिरने की घटना में बचे व्यक्ति से मुलाकात की। उन्होंने उसे हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, "यह वाकई बहुत दुखद घटना है जिसमें एक पूरा परिवार पलभर में खत्म हो गया। जो बेटा अकेला बचा है, अभी ऐसी हालत में नहीं है कि उससे विस्तार से बात की जा सके। परिवार के अन्य सदस्यों ने हमें बताया कि प्रशासन की ओर से मुआवजे के रूप में धनराशि मिली है। परिवार की ओर से एक नौकरी की मांग की गई है। मेरी कोशिश रहेगी कि उनको राहत मिले।
2027 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पल्लवी पटेल ने कहा, "2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव न तो पश्चिम बंगाल मॉडल पर होगा और न ही बिहार मॉडल पर। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है और यह देश की राजधानी दिल्ली तक सीधा रास्ता खोलता है। इसलिए इस बार कुछ नया करके यह निश्चित रूप से इतिहास रचेगा।"
प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर पल्लवी पटेल ने कहा कि देश का लोकतंत्र अपनी बात को मुखरता से रखने का ताकत देता है और उन्होंने मुखरता से अपनी बात रखी है। देश के एलओपी को पूरे देश में जाने से कोई रोक नहीं सकता। जो सरकार चला रहे हैं, उनको आंदोलन में जाकर सवालों को लेना चाहिए और अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
महिला आरक्षण बिल पर पल्लवी पटेल ने कहा, "अगर इस देश में महिला आरक्षण बिल पास हुआ है, तो निश्चित रूप से इसमें विपक्ष की अहम भूमिका रही है। यह बिल पास हो चुका है और कानून भी बन गया है। अब बस यह घोषणा होनी बाकी है कि महिलाओं को उनके अधिकार कब मिलेंगे। उन अधिकारों को देने के क्रम में संविधान के तहत मिलने वाला आरक्षण उन लोगों को आगे लाने का एक जरिया है जो मुख्यधारा से छूट गए हैं।"
पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के 'छात्रों को गुमराह' करने वाले बयान पर पल्लवी पटेल ने कहा, "इस युवा भारत के जेन-जी को गुमराह करना इतना आसान था तो भाजपा गुमराह क्यों नहीं कर पाई। वास्तविकता है कि किसी भी देश के युवा और जेन-जी को गुमराह नहीं किया जा सकता है। अगर वे वोट देने के लिए सचेत हैं तो वह अपने वर्तमान और भविष्य के लिए भी सचेत हैं।
--आईएएनएस
एसडी/वीसी
