Aapka Rajasthan

यूपी बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, मायावती समेत कई नेताओं ने जताया दुख

लखनऊ, 5 अगस्त (आईएएनएस)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर गहरा दुख जताया है।
 

लखनऊ, 5 अगस्त (आईएएनएस)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर गहरा दुख जताया है।

मायावती ने शोक संदेश में कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के कर्मठ, ईमानदार व पूरी तरह से वफादार बलिया की रसड़ा सीट से लोकप्रिय विधायक उमाशंकर सिंह की आज शाम लम्बी बीमारी की वजह से इलाज के दौरान देहान्त हो जाने की खबर अति-दुखद। उनके परिवार तथा उनके सभी चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदना।

बसपा सुप्रीमो ने कहा कि पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा की जितनी भी तारीफ की जाए वह कम है। उनका पूरा परिवार बीएसपी परिवार की तरह है तथा उनके परिवार के सभी लोग मुझे बड़ी बहन की तरह ही पूरा आदर-सम्मान देते हैं। उनके पुत्र से लगातार सम्पर्क बने रहने के दौरान ही आज शाम उनके देहान्त की खबर उनके पुत्र से ही मिली। इस दुख की घड़ी में मैं व पूरी पार्टी उनके व उनके परिवार के साथ है तथा उन्हें किसी भी प्रकार से हिम्मत नहीं हारना है बल्कि इस परिस्थिति का सामना करते हुए आगे बढ़ना है। कुदरत उन सभी लोगों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।

वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधायक उमाशंकर के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि बलिया की रसड़ा विधानसभा से बसपा के विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, अत्यंत दुखद!ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। भावभीनी श्रद्धांजलि!

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी विधायक उमाशंकर के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा कि बलिया की रसड़ा विधान सभा से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उनका निधन प्रदेश की राजनीति एवं सार्वजनिक जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति है। जनसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं अपने क्षेत्र के विकास के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

उमाशंकर सिंह पिछले दो साल से कैंसर से पीड़ित थे. उनका दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। उमाशंकर सिंह को पूर्वांचल की राजनीति में बसपा का सबसे बड़ा और मजबूत चेहरा माना जाता था। उमाशंकर सिंह का जन्म 2 जनवरी 1971 को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के खनवर गांव में एक साधारण किसान परिवार में हुआ था।

उमाशंकर सिंह बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक चुने गए। 2012 में वे पहली बार बसपा के टिकट पर विधायक बने। इसके बाद 2017 और 2022 में भाजपा की प्रचंड लहर के बावजूद उन्होंने अपनी सीट पर जीत दर्ज की। 2022 में उमाशंकर सिंह ही अपनी रसड़ा सीट बचाने में कामयाब रहे।

--आईएएनएस

एमएस/