उन्नत विनिर्माण उद्योग को मजबूत करने पर शी चिनफिंग का जोर
बीजिंग, 17 सितंबर (आईएएनएस)। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने हाल ही में उन्नत विनिर्माण उद्योग के विकास को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की 18वीं राष्ट्रीय कांग्रेस, यानी वर्ष 2012 के बाद से चीन का उन्नत विनिर्माण उद्योग लगातार विकसित और मजबूत हुआ है। इसकी नवाचार क्षमता, प्रतिस्पर्धात्मकता और समग्र शक्ति में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। साथ ही, चीन को एक विनिर्माण महाशक्ति बनाने की दिशा में भी ठोस प्रगति हुई है।
शी चिनफिंग ने जोर देकर कहा कि नई यात्रा में नए युग के चीनी विशेषताओं वाले समाजवाद के विचार के मार्गदर्शन में नए विकास विचारों को पूर्ण, सटीक और व्यापक रूप से लागू करना चाहिए। उच्च गुणवत्ता वाले विकास और उच्च स्तरीय सुरक्षा के बीच बेहतर तालमेल बनाना होगा तथा विनिर्माण उद्योग में बुद्धिमत्ता, हरित विकास और एकीकरण की दिशा को बनाए रखना होगा।
साथ ही, उन्नत विनिर्माण उद्योग को लगातार बड़ा और मजबूत बनाने, औद्योगिक श्रृंखला के स्वायत्त और नियंत्रण योग्य स्तर को बढ़ाने तथा उन्नत विनिर्माण को आधार बनाकर आधुनिक औद्योगिक प्रणाली के निर्माण में तेजी लाने की जरूरत है। इससे वास्तविक अर्थव्यवस्था की नींव मजबूत होगी और चीनी शैली के आधुनिकीकरण को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत समर्थन मिलेगा।
इसी सिलसिले में चीनी राष्ट्रीय उन्नत विनिर्माण सम्मेलन 16 से 17 सितंबर तक पेइचिंग में आयोजित किया गया। सम्मेलन में राष्ट्रपति शी चिनफिंग के महत्वपूर्ण निर्देशों को प्रसारित किया गया। चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने भी सम्मेलन में हिस्सा लिया और भाषण दिया।
अपने भाषण में ली छ्यांग ने कहा कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग के महत्वपूर्ण निर्देशों में उन्नत विनिर्माण उद्योग के विकास के महत्व, दिशा, मार्ग और प्रमुख कार्यों को स्पष्ट रूप से बताया गया है। उन्होंने कहा कि ये निर्देश रणनीतिक और मार्गदर्शक होने के साथ-साथ काफी लक्षित भी हैं और संबंधित कार्यों को बेहतर ढंग से आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि इन निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन और समझ जरूरी है और इन्हें दृढ़ता से लागू किया जाना चाहिए। उन्नत विनिर्माण उद्योग के विकास को एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कार्य मानते हुए लगातार और लंबे समय तक प्रयास करने होंगे, ताकि विनिर्माण महाशक्ति के निर्माण के लक्ष्य की ओर मजबूती से आगे बढ़ा जा सके।
वहीं, चीनी उप प्रधानमंत्री चांग कुओछिंग ने सम्मेलन के समापन भाषण में कहा कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग के महत्वपूर्ण निर्देशों की भावना का गहन अध्ययन और कार्यान्वयन किया जाना चाहिए और प्रधानमंत्री ली छ्यांग के भाषण में दिए गए निर्देशों को भी प्रभावी ढंग से लागू करना होगा।
उन्होंने कहा कि उन्नत विनिर्माण उद्योग के विकास को आगे बढ़ाने के लिए बाजार तंत्र की भूमिका को बेहतर ढंग से निभाना चाहिए और उच्च गुणवत्ता वाली मानक प्रणाली के निर्माण में तेजी लानी चाहिए। साथ ही, अव्यवस्थित और तर्कहीन प्रतिस्पर्धा को लगातार दूर करने, उद्यमों की वास्तविक कठिनाइयों को हल करने में सक्रिय मदद करने और उन्नत विनिर्माण उद्योग के विकास के लिए बेहतर कारोबारी माहौल तैयार करने पर भी ध्यान देना चाहिए।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
