Aapka Rajasthan

उमर खालिद और शरजील इमाम के साथ जो हुआ है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है : तारिक अनवर

मुंबई, 9 जनवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि अगर यूं ही लोकतंत्र की हत्या होती रही और संविधान को कुचला जाएगा तो मजबूरन लोगों को सड़कों पर उतरना होगा।
 
उमर खालिद और शरजील इमाम के साथ जो हुआ है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है : तारिक अनवर

मुंबई, 9 जनवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि अगर यूं ही लोकतंत्र की हत्या होती रही और संविधान को कुचला जाएगा तो मजबूरन लोगों को सड़कों पर उतरना होगा।

मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस सांसद ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार को 12 साल हो गए हैं। 12 साल में लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर हमले हो रहे हैं। भाजपा विपक्ष मुक्त भारत चाहती है। लेकिन, ऐसा कभी नहीं हो सकता है। अगर वे लोकतंत्र को समाप्त करने की कोशिश करेंगे, तो खुद समाप्त हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की हत्या होगी और संविधान को कुचला जाएगा, तो यकीनन लोग मजबूरी में सड़क पर उतरेंगे। यह बिल्कुल साफ और स्पष्ट है कि हमने यह पहले भी देखा है कि जब भी किसी राज्य में चुनाव होने वाले होते हैं, खासकर जहां विपक्ष सत्ता में है तो ईडी के छापे पड़ते हैं, सीबीआई के छापे पड़ते हैं। भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार हर संभव तरीके से विपक्षी सरकारों और विपक्षी नेताओं पर दबाव डालने की कोशिश करती है।

ईडी-सीबीआई का जिक्र करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में जहां विपक्षी सरकारें हैं, वहां राजनीतिक लाभ के लिए केंद्र सरकार, भाजपा इन एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। टीएमसी नेताओं के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि जिस तरह से सांसदों के साथ सुलूक हुआ, हम सभी ने देखा है। यह भाजपा की हताशा को दर्शाता है। चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से नहीं जीत रहे हैं, तो ईडी-सीबीआई का इस्तेमाल किया जाता है।

लैंड फॉर जॉब स्कैम मामले पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि लालू यादव भी राजनीतिक साजिश का शिकार हैं। उनके साथ या उनके परिवार के साथ जो कुछ भी हो रहा है, वह सिर्फ इसलिए हो रहा है क्योंकि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के सामने झुकने से मना कर दिया है। अगर आज वह या उनका परिवार सरेंडर कर दे, तो ये सभी मामले खत्म हो जाएंगे, सभी आरोप और इल्जाम गायब हो जाएंगे। यह उन पर दबाव डालने की कोशिश के अलावा और कुछ नहीं है। महाराष्ट्र में भाजपा ने कई विपक्षी नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए, लेकिन जब वे भाजपा में शामिल हो गए तो वे सत्ता में मौज ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा सत्ता में नहीं रहेगी, कल हम भी सत्ता में होंगे। तब तमाम चीजों का एक तरह से अध्ययन किया जाएगा। भाजपा की सरकार में सत्ता का दुरुपयोग हुआ है। रामभद्राचार्य के बयान पर उन्होंने कहा कि कथावाचक को कथा कहकर लोगों को सुनाना चाहिए। कोर्ट के आदेश पर ज्यादा नहीं बोलना चाहिए। उमर खालिद और शरजील इमाम के साथ जो हुआ है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। चिंता की बात है कि पांच लोगों को जमानत मिल गई, लेकिन दोनों को बेल नहीं मिल रही है, सुनवाई शुरू नहीं हो पाई है। एक तरह से उनके साथ अन्याय हो रहा है। अब यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चला गया है।

बीएमसी चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा तमाम हथकंडे अपनाती है। हर कोशिश रहेगी कि लोकल बॉडी के चुनाव में उनका वर्चस्व बढ़े। मेयर को लेकर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता जिसे चुने, उसे स्वीकार करना चाहिए। हम किसी पर शर्त नहीं लगा सकते।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम