Aapka Rajasthan

उमा भारती ने उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर को लेकर सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र

उज्जैन, 10 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता उमा भारती ने उज्जैन के प्रसिद्ध खड़े हनुमान मंदिर को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव से अपील की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मंदिर के मामले में ऐसा समाधान निकालने का आग्रह किया है, जिसमें विकास भी हो और आस्था का सम्मान भी बना रहे।
 
उमा भारती ने अपने पत्र में लिखा, "मुख्यमंत्री, आप स्वयं उज्जयिनी के ही हैं, उज्जयिनी शहर और उज्जयिनी के सभी धार्मिक स्थानों की गरिमा को आपसे बेहतर कोई नहीं समझ सकता। उज्जयिनी के खड़े हनुमान मंदिर का समाधान आप स्वयं भी सोच रहे होंगे।"

उन्होंने भोपाल के एक पुराने उदाहरण का जिक्र करते हुए कहा कि कैसे विकास कार्य के दौरान धार्मिक स्थल का सम्मान किया गया था। उमा भारती ने कहा, "हमारे प्रदेश की राजधानी भोपाल में शिवराज सिह की सरकार के समय पर कमलापति पार्क के आगे जब सड़क का चौड़ीकरण हुआ तो वहां मस्जिद को छुआ भी नहीं गया और पूरा प्लान बदल करके रोड बनाया गया, क्योंकि हम विकास और आस्था को साथ लेकर चलते हैं। यही समाधान उज्जयिनी के खड़े हनुमान मंदिर का हो सकता है।"

दरअसल, उज्जैन में महाकाल लोक और शहर के विकास से जुड़ी योजनाओं के तहत सड़क चौड़ीकरण और अन्य निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं, जिसकी जद में खड़े हनुमान मंदिर के आने की चर्चा है। यह मंदिर स्थानीय लोगों के लिए गहरी आस्था का केंद्र है, जिसके चलते इसे हटाए जाने या इसके स्वरूप में बदलाव को लेकर विरोध के स्वर उठ रहे हैं।

उमा भारती का यह बयान ऐसे समय में आया है जब उज्जैन में विकास और धार्मिक विरासत के संरक्षण के बीच संतुलन को लेकर बहस तेज है। खुद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन दक्षिण से विधायक हैं और उज्जैन को अपना गृह नगर मानते हैं, इसलिए उमा भारती ने विशेष रूप से उनके उज्जयिनी से जुड़ाव का हवाला दिया है।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी