यूजीसी-नेट: आवेदन में सुधार का अवसर, जल्द दी जाएगी परीक्षा केंद्र की जानकारी
नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी-नेट दिसंबर 2026 के अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र में सुधार का अवसर दिया है। आवेदन में संशोधन के लिए करेक्शन विंडो 2 नवंबर से खोल दी गई है। अभ्यर्थी 4 नवंबर 2026 को रात 11 बजकर 50 मिनट तक अपने आवेदन पत्र में दर्ज विवरण में जरूरी बदलाव कर सकते हैं।
एनटीए के अनुसार, यूजीसी-नेट दिसंबर 2026 के लिए कुल 9,75,505 अभ्यर्थियों ने आवेदन शुल्क का भुगतान किया है। इन अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा का आयोजन 14 से 18 दिसंबर और 21 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे करेक्शन विंडो के दौरान अपने आवेदन पत्र में दर्ज सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच कर लें और किसी भी तरह की गलती होने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसे ठीक कर लें।
4 नवंबर की रात 11 बजकर 50 मिनट के बाद आवेदन में सुधार का अवसर उपलब्ध नहीं होगा। एनटीए की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र वाले शहर की जानकारी 23 नवंबर 2026 को दी जाएगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड 7 दिसंबर को जारी किए जाएंगे। परीक्षा का विषयवार कार्यक्रम भी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा जल्द घोषित किया जाएगा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपना कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके सुरक्षित रखें। आगे की सूचनाओं के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहने की सलाह दी गई है।
एनटीए का कहना है कि अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में दर्ज नाम, जन्मतिथि, श्रेणी, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी जानकारियों का मिलान अपने आधिकारिक दस्तावेजों से कर लेना चाहिए। दरअसल ऐसा इसलिए है ताकि परीक्षा के आगे के चरणों में किसी तरह की परेशानी न हो। संशोधन करते समय यह भी ध्यान रखना चाहिए कि सभी बदलाव सही और प्रमाणित जानकारी के आधार पर ही किए जाएं।
एनटीए ने अभ्यर्थियों से परीक्षा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण तारीखों पर नजर रखने और किसी भी नई सूचना के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अपडेट पर भरोसा करने की सलाह दी है। विषयवार परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद अभ्यर्थी अपनी परीक्षा की तारीख और अन्य जरूरी विवरण भी देख सकेंगे।
--आईएएनएस
जीसीबी/डीकेपी
