'उद्घाटन हो गया था तो पुल पर चल क्यों नहीं रहे थे?' तेजस्वी के दावे पर भाजपा का तीखा पलटवार
छपरा, 22 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल (नीतीश सेतु) के उद्घाटन और उसके श्रेय को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने दावा किया था कि यह पुल करीब डेढ़ साल पहले ही शुरू हो चुका था और इसके नामकरण तथा श्रेय को लेकर सवाल खड़े किए थे। इस पर भारतीय जनता पार्टी के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को केवल सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के बजाय जमीन पर जाकर तथ्यों को देखना चाहिए।
सांसद सिग्रीवाल ने कहा कि जब उद्घाटन हो गया था, तो फिर पुल पर आवागमन क्यों शुरू नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि तेजस्वी यादव कभी मौके पर क्यों नहीं गए। राघोपुर का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद तेजस्वी यादव वहां कभी नहीं पहुंचे। राघोपुर के लोगों की इस पुल की मांग वर्षों पुरानी थी लेकिन तेजस्वी के कार्यकाल में इस दिशा में कोई ठोस काम नहीं हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव के माता-पिता भी करीब पंद्रह वर्षों तक सत्ता में रहे लेकिन उन्होंने भी राघोपुर के लोगों की इस मांग को पूरा नहीं किया। सिग्रीवाल ने कहा कि अब जब पुल बनकर तैयार हो गया है और उसका उद्घाटन पीएम मोदी ने खुद किया है, तो श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास आज कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। जब विपक्ष मुद्दाविहीन हो जाता है, तो वह अनर्गल बयानबाजी करने लगता है। उन्होंने कहा कि कोई खुद को शिव बता रहा है, कोई पार्वती और कोई दुर्गा बता रहा है। यह सब काल्पनिक बातें हैं, जिनका जमीन से कोई लेना-देना नहीं है।
सिग्रीवाल ने कहा कि उन्हें राजनीति में करीब पैंतीस वर्ष हो गए, जिनमें उन्होंने संवैधानिक पदों पर रहते हुए काम किया है लेकिन उन्होंने आज तक ऐसा विपक्ष नहीं देखा। उन्होंने कहा कि पहले विपक्ष में अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और सुषमा स्वराज जैसे नेता रहे, जिन्होंने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका को गरिमा के साथ निभाया। बिहार में भी सुशील कुमार मोदी जैसे नेता प्रतिपक्ष रहे, जिन्होंने सिद्धांतों से समझौता किए बिना सकारात्मक भूमिका निभाई।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की भूमिका नकारात्मक हो गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता देश के अंदर की शिकायतें विदेशों में जाकर करते हैं। यह देश के प्रति उनकी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारत की धरती पर जन्म लेकर उसकी शिकायत विदेश में करना किसी भी तरह से उचित नहीं है। इससे यह लगता है कि उन्हें अपने देश से प्रेम नहीं है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग केवल मीडिया में बने रहने के लिए विदेशों में जाकर देश की शिकायत करते हैं। इस तरह की राजनीति देश को कमजोर करती है।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
