Aapka Rajasthan

यूएई से हार के बावजूद ओमान मेंस वनडे वर्ल्ड कप 2027 के क्वालीफायर में पहुंचा, जानिए आखिर ये कैसे हुआ?

दुबई, 4 नवंबर (आईएएनएस)। वर्ल्ड कप लीग 2 के आखिरी मैच में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के हाथों 42 रनों से शिकस्त झेलने के बावजूद, ओमान ने आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर 2027 में अपनी जगह सुनिश्चित की।
 

दुबई, 4 नवंबर (आईएएनएस)। वर्ल्ड कप लीग 2 के आखिरी मैच में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के हाथों 42 रनों से शिकस्त झेलने के बावजूद, ओमान ने आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर 2027 में अपनी जगह सुनिश्चित की।

यह ओमान की लगातार सातवीं हार थी, जिससे उनके और नामीबिया के अंक बराबर (33 अंक) हो गए। लेकिन, -0.224 के बेहतर नेट रन रेट की वजह से ओमान लीग से सीधे क्वालीफाई करने वाली चौथी और आखिरी टीम बन गई।

बुधवार को आईसीसी एकेडमी ग्राउंड में पहले बल्लेबाजी करते हुए, यूएई ने 50 ओवरों के खेल में 8 विकेट खोकर 226 रन बनाए। कप्तान राहुल चोपड़ा और अदीब उस्मानी ने 47-47 रन की पारी खेली, जबकि बासिल हमीद ने 43 रनों का योगदान दिया। ओमान के गेंदबाजों में बाएं हाथ के स्पिनर शकील अहमद 42 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट लिए।

ओमान की शुरुआत खराब रही। मोहम्मद रोहिद ने दो विकेट लेकर टीम को 28/3 की स्थिति में ला दिया। यहां से मुजीबुर अली ने 65 रनों की पारी खेलकर संघर्ष किया, लेकिन ओमान निर्धारित 50 ओवरों में 184/9 के स्कोर तक ही पहुंच सका। इस हार के बावजूद, ओमान ने लीग 2 की चैंपियन यूएसए, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड के साथ मिलकर ग्लोबल क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में अपनी जगह बना ली, जहां 10 टीमें हैं।

लीग 2 की अन्य चार टीमें - नामीबिया, कनाडा, नेपाल और यूएई अब एक और मौका पाने के लिए 'क्वालीफायर प्लेऑफ' खेलेंगी। इस प्लेऑफ में उनके साथ चैलेंज लीग ए से जर्सी और कुवैत, जबकि चैलेंज लीग बी से इटली और युगांडा की टीमें भी शामिल होंगी। आठ टीमों वाले इस प्लेऑफ से ग्लोबल क्वालीफायर के लिए चार जगहें तय होंगी।

ग्लोबल क्वालीफायर से मेंस वनडे वर्ल्ड कप 2027 में आखिरी चार स्थान टीमें तय होंगी। विजेता टीम सीधे मुख्य टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में पहुंच जाएगी, जबकि दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें नई बनी 'सुपर सीरीज' में जाएंगी।

साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में आगामी मेंस वनडे वर्ल्ड कप 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक खेला जाएगा, जिसमें 14 टीमें 12 वेन्यू पर 57 मैच खेलेंगी।

--आईएएनएस

आरएसजी