Aapka Rajasthan

त्योहारों से पहले दिल्ली में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर बड़ी कार्रवाई, 2800 किलो से ज्यादा असुरक्षित सामग्री नष्ट

नई दिल्ली, 7 सितंबर (आईएएनएस)। त्योहारों का मौसम शुरू होते ही दिल्ली सरकार ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रमुख खाद्य बाजारों में छापेमारी तेज कर दी है और 2800 किलोग्राम से ज्यादा असुरक्षित खाद्य सामग्री को नष्ट किया है।
 

नई दिल्ली, 7 सितंबर (आईएएनएस)। त्योहारों का मौसम शुरू होते ही दिल्ली सरकार ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रमुख खाद्य बाजारों में छापेमारी तेज कर दी है और 2800 किलोग्राम से ज्यादा असुरक्षित खाद्य सामग्री को नष्ट किया है।

स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा, "त्योहारों की तैयारियों के चक्कर में खाद्य सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली के लोगों तक कोई भी असुरक्षित या मिलावटी भोजन न पहुंचे। जो लोग जन-स्वास्थ्य से खिलवाड़ करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने खोया मंडी, मोरी गेट, बाग दीवार, संजय मार्केट और जनकपुरी मंडी में बड़े पैमाने पर निरीक्षण किया। इसका मुख्य मकसद मिलावट रोकना और उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाले खाद्य उत्पादों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था।

जांच के दौरान खोया मंडी, मोरी गेट, बाग दीवार और संजय मार्केट में लगभग 2830 किलोग्राम खोया, धाप और मक्खन लावारिस हालत में और बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में पड़ा मिला। इन खाद्य पदार्थों से बदबू आ रही थी और ये खराब हो रहे थे। सार्वजनिक घोषणाओं के बावजूद कोई भी विक्रेता इन्हें अपना बताने के लिए आगे नहीं आया। 'खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006' के प्रावधानों के तहत पूरी सामग्री को जब्त कर मजनू का टीला स्थित एमसीडी डंपिंग साइट पर नष्ट कर दिया गया।

जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। मोरी गेट से लिए गए खोया और क्रीम के सभी 10 नमूने स्टेट लेबोरेटरी में जांच के दौरान मानकों पर खरे नहीं उतरे। बाग दीवार और संजय मार्केट इलाके से भी खोया के दो नमूने लिए गए, जबकि 'फूड सेफ्टी व्हील' से जांचे गए चार नमूने, दो पनीर और दो खोया, मानकों के अनुरूप पाए गए।

वहीं, जनकपुरी मंडी में प्रवर्तन टीम ने 10 खाद्य कारोबारियों के परिसरों का निरीक्षण किया और पनीर के 10 नमूने लिए। इसके अलावा, फूड सेफ्टी व्हील के जरिए 28 निगरानी नमूनों की मौके पर ही जांच की गई, जिनमें से चार में डिटर्जेंट पाया गया। एहतियाती कदम के तौर पर लगभग 150 किलोग्राम पनीर और 10 किलोग्राम खोया मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

स्वास्थ्य मंत्री ने विभाग को निर्देश दिया है कि त्योहारों के मौसम में सघन जांच जारी रखी जाए और कड़ी निगरानी बनाए रखी जाए। विभाग ने नागरिकों और खाद्य व्यवसाय संचालकों से भी अपील की है कि वे सतर्क रहें और केवल सुरक्षित और नियमों के अनुरूप खाद्य उत्पाद ही बेचें।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी