त्योहारी सीजन में गुजरात सरकार की बड़ी घोषणा, 1600 से अधिक अतिरिक्त बसें चलेंगी
सुरत, 11 सितंबर (आईएएनएस)। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने नवरात्रि के दौरान गरबा खेलने, व्यापार करने और दिवाली के दौरान यात्रा को ध्यान में रखते हुए लोगों की सहूलियत के लिए कई घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि दिवाली के दौरान यात्रा के लिए 1600 से अधिक अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
सूरत में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए हर्ष संघवी ने कहा कि नवरात्रि में देर रात तक व्यापारी अपना व्यापार कर सकें, इसके लिए व्यवस्था की गई है। नवरात्रि का व्यापार दिवाली के व्यापार से कम न रहे, ऐसी सुविधा देने की मैं कोशिश कर रहा हूं।
उन्होंने कहा कि लोग अपने परिवार के साथ दीपावली मना सकें, इसके लिए सरकार ने अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया है। पिछले साल हमने 1200 से अधिक बसें चलाई थीं। इस साल हमने 1600 से अधिक अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया है। लोगों को टिकट के लिए अतिरिक्त पैसे देकर टिकट न लेना पड़े, इसके लिए हमने तैयारी कर ली है।
उन्होंने कहा कि अगर लोग पहले से टिकट बुक करते हैं और हमें 1600 की जगह 2500 बसें चलानी पड़ें, तो भी हम उसकी व्यवस्था करेंगे। नागरिकों से अपील करता हूं कि अगर दिवाली का प्लान फाइनल हो गया है, तो टिकट जरूर बुक कराएं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरे प्रदेशों में बसें चलाने के लिए हमें अनुमति की जरूरत पड़ती है। अगर राज्यों द्वारा हमसे मदद मांगी जाती है, तो हम उनके लिए भी यह व्यवस्था जरूर करेंगे।
गरबा में व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि गरबा में फायर सेफ्टी की विशेष व्यवस्था गरबा पंडालों द्वारा की जानी चाहिए। पुलिस को भी इसकी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। हमारी कोशिश है कि लोग इस दौरान माता के जागरण में शामिल हो सकें और देर रात तक गरबा खेल सकें। यह माता अंबा की भक्ति है और सभी नागरिकों की उनके प्रति श्रद्धा है। यह हमारी आस्था का केंद्र है। यह परंपरा सालों से चली आ रही है। देर रात तक माता की भक्ति करना हमारे संस्कारों में है।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी
