Aapka Rajasthan

तुष्टिकरण नहीं, बंगाल की जनता को विकास चाहिए: रोहन गुप्ता

अहमदाबाद, 26 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता को तुष्टिकरण की राजनीति नहीं, बल्कि विकास चाहिए। इस बार जनता विकास के लिए वोट करेगी।
 
तुष्टिकरण नहीं, बंगाल की जनता को विकास चाहिए: रोहन गुप्ता

अहमदाबाद, 26 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता को तुष्टिकरण की राजनीति नहीं, बल्कि विकास चाहिए। इस बार जनता विकास के लिए वोट करेगी।

अहमदाबाद में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कहा कि इंडी गठबंधन की 'मोहब्बत की दुकान' में, वर्षों से नफरत के पकवान परोसे जा रहे हैं। बंगाल के लोगों ने इसका अनुभव किया है और इसीलिए अब उन्होंने बदलाव लाने का फैसला किया है। वहां डर और तुष्टीकरण की राजनीति का माहौल बना हुआ है। अगर आप किसी भी बंगाली से पूछेंगे, तो आपको यही जवाब मिलेगा।

अब तक, टीएमसी ने घुसपैठियों के समर्थन से अपनी सरकार बनाई थी, लेकिन अब उनके जाने का वक्त आ गया है। बंगाल बदलाव लाने के लिए आगे बढ़ चला है।

भाजपा नेता ने कहा कि बंगाल में आरजी कर अस्पताल में जो घटना हुई, उसने पूरे बंगाल और पूरे देश को हिलाकर रख दिया। पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार ने उस बेटी की चीखें नहीं सुनीं। पूरे देश ने देखा कि आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने में किस तरह बार-बार रुकावटें खड़ी की गईं। पीड़िता की मां को टिकट दिया गया है, जब वे चुनाव जीतकर विधानसभा जाएंगी तो अपनी बेटी की आवाज को उठा पाएंगी।

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच भारत की विदेश नीति की चर्चा करते हुए भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कहा कि ये मोदी सरकार की विदेश नीति और कूटनीति की एक बड़ी उपलब्धि है कि लगभग 88 फीसदी कच्चे तेल का आयात करने के बावजूद 25 दिनों बाद भी भारत की स्थिति स्थिर बनी हुई है और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। यह सरकार की रणनीति और नीतियों की सफलता को दर्शाता है, जबकि विपक्ष ने इस मामले को लेकर लगातार डर और पैनिक का माहौल बनाने की कोशिश की, लेकिन जनता ने उसे भी विफल कर दिया, क्योंकि जनता को मोदी पर विश्वास है और ये सरकार 140 करोड़ देशवासियों के हित को सुनिश्चित करने में लगी हुई है।

रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि भारत की आस्था और श्रद्धा के प्रतीक, हम सबके आराध्य मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के पावन अवतरण दिवस श्री रामनवमी की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान राम भारतीय संस्कृति के आदर्श का प्रतीक हैं, उनका जीवन मन, वाणी व कर्म में श्रेष्ठता लाने की प्रेरणा देता है।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी