तुर्कमेनिस्तान के राष्ट्रीय नेता और पीपुल्स काउंसिल के अध्यक्ष गुरबांगुली बर्दिमुहामेदोव के साथ विशेष साक्षात्कार
बीजिंग, 21 मार्च (आईएएनएस)। हाल ही में चाइना मीडिया ग्रुप ने 'उच्च स्तरीय इंटरव्यू' कार्यक्रम के तहत तुर्कमेनिस्तान के राष्ट्रीय नेता और पीपुल्स काउंसिल के अध्यक्ष गुरबांगुली बर्दिमुहामेदोव का साक्षात्कार लिया, जिसमें उन्होंने चीन और तुर्कमेनिस्तान के बीच विकसित हो रहे संबंधों पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।
दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के बाद बीते 34 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तुर्कमेनिस्तान-चीन संबंध अब सहयोग के एक उच्चस्तरीय चरण में प्रवेश कर चुके हैं।
बर्दिमुहामेदोव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “तुर्कमेनिस्तान-चीन संबंधों की संभावनाएं व्यापक हैं और उनका भविष्य अत्यंत उज्ज्वल है।” उन्होंने वर्ष 2026 में आयोजित चीन की राष्ट्रीय जन प्रतिनिधि सभा और चीनी जन राजनीतिक सलाहकार सम्मेलन (एनपीसी और सीपीपीसीसी) के सफल आयोजन पर चीन को बधाई दी। साथ ही, उन्होंने चीन की 15वीं पंचवर्षीय योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना देश के उच्च गुणवत्ता वाले विकास की दिशा में एक नए अध्याय की शुरुआत करेगी।
उन्होंने आगे कहा कि चीनी राष्ट्रपति शी चिनफ़िंग के दूरदर्शी नेतृत्व में चीन ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और अब वह भविष्य के विकास के लिए एक सुविचारित और दूरगामी खाका तैयार कर रहा है। बर्दिमुहामेदोव के अनुसार, चीन न केवल अपनी राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ा रहा है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी स्थिरता और सतत विकास का एक महत्वपूर्ण कारक बनकर उभरा है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
डीकेपी/
