Aapka Rajasthan

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बार-बार बदलते हैं अपना स्टैंड : दिलीप घोष

कोलकाता, 26 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर नए टैरिफ लगाने के प्रस्ताव, आसनसोल में पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की घटना, तृणमूल के अंदरूनी गुटों और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के पश्चिम बंगाल दौरे पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
 

कोलकाता, 26 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर नए टैरिफ लगाने के प्रस्ताव, आसनसोल में पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की घटना, तृणमूल के अंदरूनी गुटों और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के पश्चिम बंगाल दौरे पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर नए टैरिफ लगाने के प्रस्ताव पर मंत्री दिलीप घोष ने कहा, "ट्रंप बार-बार अपना स्टैंड बदलते हैं। 45, 50, 100 प्रतिशत टैक्स तो ये सब हो चुका है। अब ये 25 प्रतिशत पर आ गया है। दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है, हमारे लिए क्या अच्छा है और उनके लिए क्या अच्छा है, ये तभी तय होता है जब दोनों एक साथ आकर बात करते हैं।"

आसनसोल में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर फायरिंग की घटना पर मंत्री दिलीप घोष ने कहा, "बंगाल में पहले इन असामाजिक तत्वों का इतना दबदबा था और उन्हें संरक्षण मिलता था, जिसकी वजह से समाज में सिर्फ उनकी ही मनमानी चलती थी। लोग डर में जीते थे। आज जब शासन में बदलाव आया है और प्रशासन अलर्ट और सक्रिय हो गया है, तो उनके खिलाफ कार्रवाई हो रही है। उनके पास हथियार हैं, उनके पास पैसा है। पहले जो सहारा उन्हें मिलता था वो अब उन्हें नहीं मिल रहा है, जिसकी वजह से वो पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। इसलिए पुलिस को भी जो भी कार्रवाई जरूरी है वो करनी चाहिए ताकि उन्हें कानून के सामने लाया जा सके।"

उन्होंने कहा, "तृणमूल के अंदर कितने गुट हैं, कौन किसके साथ है और वो कहां जाएंगे या क्या करेंगे। हां, चाहे वो संसद में हो या विधानसभा में, वहां के स्पीकर इस मामले को देखेंगे।"

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के पश्चिम बंगाल दौरे पर मंत्री दिलीप घोष ने कहा, "नितिन गडकरी जहां भी हाथ लगाते हैं, उसे बेहतर बना देते हैं। बंगाल के लिए भी उन्होंने बहुत सारा फंड और कई योजनाएं दी हैं। बड़े हाईवे, ग्रीनफील्ड रोड दिए हैं लेकिन उस समय राज्य सरकार की तरफ से सहयोग नहीं मिल पाया था। अब हमारी डबल इंजन सरकार के साथ अब हमें गडकरी का पूरा साथ मिल रहा है और वो खुद आते हैं, तो ये हमारे लिए बड़ी उपलब्धि है। आगे चलकर इससे राज्य को बहुत फायदा होगा।"

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम