ट्रॉफी उठाने के लिए मुझे कुछ दिल तोड़ने में कोई दिक्कत नहीं होगी: मिचेल सेंटनर
अहमदाबाद, 7 मार्च (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मैच खेला जाना है। कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर ने कहा है कि अगर फाइनल में घरेलू दर्शकों को चुप कराते हुए ट्रॉफी उठाने से ब्लैककैप्स विलेन बनती है, तो इससे उन्हें कोई दिक्कत नहीं होगी।
न्यूजीलैंड हाल के वर्षों में आईसीसी व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीमों में से एक रही है। इस टीम ने पिछले 11 वर्षों में आईसीसी व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट में पांचवीं बार फाइनल में जगह बनाई है। हालांकि, उनकी पिछली चार में से कोई भी मौजूदगी ट्रॉफी के साथ खत्म नहीं हुई। इस वजह से, टीम के बारे में अक्सर यह बात कही जाती रही है कि न्यूजीलैंड अच्छे खिलाड़ियों का एक ग्रुप है जो हमेशा ट्रॉफी नहीं जीत सकते, लेकिन दिल जीत लेते हैं।
जब पूछा गया कि क्या टीम 'बैड गाईज' बनने और टाइटल जीतकर अरबों इंडियन दिल तोड़ने के लिए तैयार है, तो सेंटनर ने कहा कि टीम ट्रॉफी उठाने के लिए कुछ भी करने को तैयार है।
प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सेंटनर ने कहा, "मुझे ट्रॉफी जीतने में कोई आपत्ति नहीं होगी। लेकिन हां, जब आप इस टीम को और पहले की टीमों को देखते हैं, तो हम इन टूर्नामेंट्स में काफी लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं, क्योंकि हम कोशिश करते हैं कि हालात या विपक्षी टीम हम पर हावी न हों। हम बस मैदान पर जाते हैं और अपना खेल खेलते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "एक यूनिट के तौर पर इस बार भी कुछ अलग नहीं रहा है। जाहिर है यह एक चुनौती होने वाली है, क्योंकि हर कोई जानता है कि शायद हम फेवरेट नहीं हैं, लेकिन हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हमें पता है कि अगर हम छोटी-छोटी चीजें सही तरीके से करें और टीम के रूप में मजबूत प्रदर्शन करें, तो हम खुद को ट्रॉफी जीतने की शानदार स्थिति में ला सकते हैं। लेकिन हां, एक बार ट्रॉफी जीतने के लिए कुछ दिल तोड़ने में मुझे कोई आपत्ति नहीं होगी।"
सेंटनर ने यह भी स्वीकारा है कि उन्होंने अभी तक पिच नहीं देखी है, लेकिन उन्हें हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद है। उन्होंने कहा, "हां, मेरा मतलब है, मैंने अभी तक विकेट नहीं देखा है। यह अभी भी अंडरकवर है, लेकिन कोई केवल यह मान सकता है कि यह काफी फ्लैट और हाई स्कोरिंग होने वाला है।"
न्यूजीलैंड के कप्तान ने भारतीय पेसर जसप्रीत बुमराह की तारीफ करते हुए कहा, "बुमराह के मामले में, मुझे लगता है कि जिस तरह से वह खेल रहे हैं, उन्हें हर किसी की चर्चा में होना चाहिए। इंग्लैंड के खिलाफ वह जाहिर तौर पर भारत के लिए गेम चेंजर थे। वह एक वर्ल्ड-क्लास बॉलर हैं।"
--आईएएनएस
आरएसजी
