त्रिपुरा: दुर्गा पूजा पंडाल में दिखेगी थाईलैंड के प्रसिद्ध ‘वाट अरुण’ मंदिर की झलक, 20 लाख सीपियों से होगी सजावट
अगरतला, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। त्रिपुरा में इस साल की दुर्गा पूजा पर थाईलैंड के सबसे प्रसिद्ध स्थलों में से एक ‘वाट अरुण’ सूर्य मंदिर की झलक दिखाई देगी। ‘फ्लावर्स क्लब’ के पंडाल की थीम इस मंदिर पर रखी गई है। इसकी खासियत यह है कि पंडाल को प्लास्टिक या थर्मोकोल की जगह प्राकृतिक संसाधनों से तैयार किया जा रहा है और 20 लाख से अधिक सीपियों से सजावट होगी।
फ्लावर्स क्लब के प्रवक्ता किसलय मोदक ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि इस साल दुर्गा पूजा की थीम बैंकॉक का सूर्य मंदिर 'वाट अरुण' है और हम यहां 'वाट अरुण' की एक प्रतिकृति (रेप्लिका) बना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल के लगभग 30 लोग पंडाल बनाने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। इस साल हमारा लक्ष्य है कि प्लास्टिक या थर्मोकोल का इस्तेमाल न किया जाए और इसके बजाय सिर्फ प्राकृतिक संसाधनों और दोबारा इस्तेमाल होने वाली चीजों का ही इस्तेमाल किया जाए।"
उन्होंने कहा कि हमने ओडिशा से लाखों सीपियां मंगवाई हैं, जिनका इस्तेमाल पूरे पंडाल को सजाने के लिए किया जा रहा है। उम्मीद है कि 20 लाख से अधिक सीपियों का इस्तेमाल होगा, जिससे यह इस साल के जश्न का एक मुख्य आकर्षण बन जाएगा।
किसलय मोदक ने कहा कि हर साल हजारों लोग हमारी दुर्गा पूजा देखने आते हैं और हमें उम्मीद है कि इस साल और भी अधिक लोग आएंगे। थीम वाले पंडाल और मूर्ति के अलावा, लोग लेजर शो का भी आनंद ले सकेंगे, जिससे भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है।
उन्होंने यह भी बताया कि सभी लोगों की सुरक्षा और आराम का ध्यान रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भीड़ को संभालने के लिए क्लब के वॉलंटियर्स और प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स को तैनात किया जाएगा। बुजुर्गों के लिए अलग से एंट्री और आराम करने की सुविधाएं दी गई हैं, ताकि हर कोई बिना किसी परेशानी के आराम से त्योहार का आनंद ले सके।
--आईएएनएस
डीसीएच/
