त्रिकोणीय सीरीज: इंग्लैंड की 16-सदस्यीय वनडे टीम घोषित, 8 साल बाद मेसन क्रेन की वापसी
लंदन, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने पाकिस्तान में होने वाली आगामी त्रिकोणीय वनडे सीरीज के लिए 16-सदस्यीय टीम घोषित कर दी है, जिसमें लेग-स्पिनर मेसन क्रेन को आठ साल बाद अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी का मौका मिला है। इस सीरीज में इंग्लैंड और पाकिस्तान के साथ श्रीलंकाई टीम भी शामिल है।
29 वर्षीय क्रेन इंग्लैंड के लिए आखिरी बार जनवरी 2018 में एशेज टेस्ट खेले थे। साल 2017 में दो टी20 मैच खेलने वाले क्रेन, ग्लैमॉर्गन के साथ घरेलू सीजन में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम में रेहान अहमद की जगह लेंगे।
इंग्लिश ऑलराउंडर जेम्स कोल्स और तेज गेंदबाज हेनरी क्रोकोम्बे जैसे नए खिलाड़ियों को भी टीम में बुलाया है। सीनियर लेग-स्पिनर आदिल राशिद और ऑलराउंडर सैम करन क्रमशः हाथ और कमर की चोट से उबरने के बाद टीम में लौटे हैं, लेकिन जोस बटलर अभी भी बाहर हैं क्योंकि वह श्रीलंका के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज (जिसे इंग्लैंड ने 2-1 से जीता था) के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं। स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को गर्मियों के व्यस्त कार्यक्रम के कारण आराम दिया गया है।
घुटने की सर्जरी के बाद मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज जैकब बेथेल फिलहाल बाहर हैं। तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स भी इस टीम का हिस्सा नहीं हैं, जिनकी डर्बी नाइटक्लब के बाहर हुई एक घटना के लिए क्रिकेट रेगुलेटर ने जांच की थी।
रावलपिंडी और लाहौर में होने वाली यह ट्राई-सीरीज 18 अक्टूबर को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मैच के साथ शुरू होगी। इंग्लैंड अपने अभियान की शुरुआत 20 अक्टूबर को रावलपिंडी में मेजबान पाकिस्तान के खिलाफ करेगा और फाइनल मैच 31 अक्टूबर को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा।
इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन पाकिस्तान में टीम के साथ नहीं होंगे, हालांकि ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सर्दियों में होने वाले मैचों के लिए वह अपनी मेंटॉर की भूमिका फिर से शुरू करेंगे। इसके अलावा, पाकिस्तान के खिलाफ 3-0 से टेस्ट सीरीज जीतने में अंतरिम भूमिका निभाने के बाद मार्कस ट्रेस्कोथिक को ब्रेक दिया गया है। इंग्लैंड की डेवलपमेंट टीमों के साथ काम करने के बाद माइक यार्डी बैटिंग कोच की भूमिका संभालेंगे।
इंग्लैंड की वनडे टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), गस एटकिंसन, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, मेसन क्रेन, हेनरी क्रोकोम्बे, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद, जो रूट और जोश टोंग।
--आईएएनएस
आरएसजी
