ट्राई-सीरीज: नेपाल के खिलाफ भाविका और अनादि संभालेंगी इंडिया अंडर-19 टीमों की कमान
नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। नेपाल अंडर-19 के खिलाफ आगामी टी20 ट्राई-सीरीज में, विकेटकीपर-बल्लेबाज भाविका अहीरे 'इंडिया अंडर-19 ए' की कमान संभालेंगी, जबकि सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर अनादि तगड़े को 'इंडिया अंडर-19 बी' टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
यह टूर्नामेंट 10 से 22 नवंबर तक बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में खेला जाएगा। यह ट्राई-सीरीज आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप 2027 के लिए भारत की तैयारियों का एक अहम हिस्सा है। इस विश्व कप की मेजबानी अगले साल की शुरुआत में बांग्लादेश और नेपाल संयुक्त रूप से करेंगे। भारत ने 2023 और 2025 के वर्ल्ड कप जीते हैं और अब 2027 में लगातार तीसरी बार खिताब जीतने पर नजरें टिकाए हुए है।
भाविका की कप्तानी में, भारत ने इस साल की शुरुआत में चेन्नई और पुडुचेरी में श्रीलंका अंडर-19 के खिलाफ अंडर-19 टी20 और वनडे सीरीज जीती थी। भाविका उस भारतीय टीम का हिस्सा थीं जिसने अंडर-19 विश्व कप 2025 जीता था। 'इंडिया अंडर-19 ए' टीम में मुंबई की होनहार बल्लेबाज इरा जाधव को उप-कप्तान बनाया गया है, जबकि शंभवी राजपूत टीम में दूसरी विकेटकीपर हैं।
'इंडिया अंडर-19 बी' टीम में उमा काश्वी को उप-कप्तान बनाया गया है। उमा विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में चुनी जाने वाली सबसे युवा खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने 10 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था।
'इंडिया अंडर-19 बी' टीम में रचिता हटवार और श्रेया एस. चव्हाण विकेटकीपर हैं। इसके अलावा, इस टीम में आक्रामक ओपनर दीया यादव और बैटिंग ऑलराउंडर समायरा राघव भी शामिल हैं; समायरा को डब्ल्यूपीएल में गुजरात जायंट्स की ओर से खेलने का कॉन्ट्रैक्ट मिला था। सभी खिलाड़ी हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में आयोजित अंडर-19 महिला टी20 चैलेंजर ट्रॉफी में हिस्सा लेने के बाद आ रही हैं।
अनादि, इरा और नंधना श्रीधरन, जो 'ए' टीम में हैं, 2025 के सफल अभियान के लि स्टैंड-बाय खिलाड़ी थीं। यह ट्राई-सीरीज 'डबल राउंड-रॉबिन' फॉर्मेट में खेली जाएगी, जिसमें हर टीम बाकी दो टीमों के खिलाफ दो-दो बार खेलेगी। इसके बाद टॉप की दो टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी।
मंगलवार को होने वाले पहले मैच में इंडिया अंडर-19 ए और इंडिया अंडर-19 बी एक-दूसरे से भिड़ेंगी। इसके बाद 12 नवंबर को इंडिया अंडर-19 बी का मुकाबला नेपाल अंडर-19 से होगा, और 14 नवंबर को इंडिया अंडर-19 ए की टक्कर नेपाल से होगी।
दूसरा राउंड 16 नवंबर को शुरू होगा, जिसमें एक बार फिर दोनों भारतीय टीमें आपस में भिड़ेंगी। 18 नवंबर को इंडिया अंडर-19 बी फिर से नेपाल का सामना करेगी और 20 नवंबर को आखिरी लीग मैच में इंडिया अंडर-19 ए का मुकाबला नेपाल से होगा। फाइनल मैच 22 नवंबर को खेला जाएगा।
इंडिया अंडर-19 ए की टीम: भाविका अहीरे (कप्तान, विकेटकीपर), तनिष्का शर्मा, रिया भाटी, इरा जाधव (उप-कप्तान), निधि महतो, इप्सिता मंडल, पूर्वा सिवाच, महक नरवासे, शाम्भवी राजपूत (विकेटकीपर), मैत्री मनियार, जूली कुमारी, गौरी गोयल, नंधना श्रीधरन, प्रीति कपूर और ग्रिशा कटारिया।
इंडिया अंडर-19 बी की टीम: अनादि तगड़े (कप्तान), उमा काश्वी (उप-कप्तान), ईश्वरी अवसारे, रचिता हटवार (विकेटकीपर), दीया यादव, अर्चना, श्रेया एस. चव्हाण (विकेटकीपर), समायरा राघव, कुमारी पलक, अक्साह परमार, निष्ठा सोती, विधि परमार, वंदिता के. राव, अक्षरा तिवारी और पलक सिंह।
--आईएएनएस
आरएसजी
