ट्रेजरी घोटाला का सबसे बड़ा घोटाला, सरकारी खजाने की हो रही लूट: प्रतुल शाह देव
रांची, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने झारखंड में कथित ट्रेजरी घोटाले को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में अब तक के सबसे बड़े घोटालों में से एक का खुलासा होने वाला है, जो सरकारी खजाने की बड़े पैमाने पर लूट से जुड़ा हुआ है।
भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि फर्जी टीए (ट्रैवल अलाउंस), डीए (डियरनेस अलाउंस) और फर्जी वेतन के माध्यम से सरकारी धन की निकासी की गई है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों के नाम पर डीडीओ (ड्रॉइंग एंड डिस्बर्सिंग ऑफिसर) द्वारा यह राशि निकाली गई, और यह घोटाला कई सौ करोड़ रुपए तक का हो सकता है। शुरुआती जांच में ही यह आंकड़ा 30 से 35 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है।
भाजपा प्रवक्ता ने आगे दावा किया कि इस पूरे मामले में कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यह एक बेहद बड़ा और व्यापक घोटाला है, जिसमें कई खातों से पैसे निकालकर दूसरे राज्यों में भेजे जाने की आशंका भी जताई जा रही है। उनके अनुसार, जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है और कई अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।
प्रतुल शाह देव ने राज्य में पेपर लीक मामलों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड में एक के बाद एक पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार इसे स्वीकार करने से बच रही है। युवाओं के साथ धोखा किया जा रहा है, सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हाल ही में एक परीक्षा के दौरान 160 अभ्यर्थियों को एक सुनसान क्षेत्र में स्थित निर्माणाधीन भवन से पकड़ा गया, जिसके बाद प्रशासन ने पेपर लीक की बात से इनकार कर दिया।
भाजपा प्रवक्ता ने झारखंड पुलिस की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिना विस्तृत जांच के महज कुछ घंटों में यह निष्कर्ष निकाल लेना कि पेपर लीक नहीं हुआ, सही नहीं है। उन्होंने व्यंग्यात्मक रूप से कहा कि राज्य की पुलिस जांच के मामले में अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से भी आगे निकल रही है, जो गंभीर विषय है।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम
