ट्रेविस हेड का तूफानी शतक, ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे में बनाया अपना सबसे बड़ा स्कोर
हरारे, 18 सितंबर (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा वनडे मुकाबला हरारे स्पोर्ट्स क्लब के मैदान पर खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 356 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए।
यह ऑस्ट्रेलिया का वनडे क्रिकेट में जिम्बाब्वे के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी है। इससे पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का वनडे में सबसे बड़ा टोटल 6 विकेट खोकर 350 रन था, जो टीम ने 2014 में बनाया था। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 18.6 ओवर में 130 रन जोड़े। मार्श ने 63 गेंदों का सामना करते हुए 53 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 3 चौके और तीन छक्के लगाए।
इसके बाद हेड को कूपर कोनोली के रूप में एक और बढ़िया जोड़ीदार मिला। दूसरे विकेट के लिए हेड और कोनोली ने मिलकर 60 रन जोड़े। कोनोली ने 69 गेंदों में 3 चौके और तीन छक्कों की मदद से 78 रन बनाए। वहीं, हेड बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने शतकीय पारी खेली। हेड ने 84 गेंदों का सामना करते हुए 112 रनों की लाजवाब पारी खेली। अपनी इस पारी में हेड ने 15 चौके और 3 छक्के लगाए।
जोश इंग्लिस ने 20 गेंदों में 21 रन बनाए,जबकि एलेक्स कैरी ने 30 गेंदों में एक चौके की मदद से 20 रन बनाए। पिछले मैच में शतकीय पारी खेलने वाले मैट रेनशॉ ने 11 गेंदों में 15 रन बनाए। अंत के ओवरों में ओलिवर पीक ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 18 गेंदों में 41 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के लगाए। नाथन एलिस 6 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में जिम्बाब्वे की ओर से ब्रैड इवांस ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए,लेकिन वह काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने 9 ओवर में 86 रन दिए। वहीं, वेलिंगटन मसाकाद्जा ने 51 रन देकर 2 विकेट निकाले।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
