Aapka Rajasthan

इंद्रनील सेन के घर ईडी की छापेमारी पर भाजपा नेता बोले-'टीएमसी लोगों को ठगने आई थी'

कोलकाता, 29 सितंबर (आईएएनएस)। दुर्गा पूजा कलेक्शन से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के कोलकाता स्थित घर और हुगली के गार्डन हाउस पर ईडी की छापेमारी पर पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पॉल और भाजपा विधायक दीपांजन कुमार गुहा की प्रतिक्रिया सामने आई है।
 

कोलकाता, 29 सितंबर (आईएएनएस)। दुर्गा पूजा कलेक्शन से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के कोलकाता स्थित घर और हुगली के गार्डन हाउस पर ईडी की छापेमारी पर पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पॉल और भाजपा विधायक दीपांजन कुमार गुहा की प्रतिक्रिया सामने आई है।

आईएएनएस से पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा, "ईडी इंद्रनील सेन के घर पर छापेमारी कर रही है। आरोप है कि उनके फार्म हाउस और दूसरी जगहों पर पिछले तीन सालों से दुर्गा पूजा के दौरान यूनेस्को के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर टिकट बेचे गए और करोड़ों रुपये कमाए गए। टीएमसी लोगों को ठगने और पैसा कमाने के लिए सत्ता में आई थी।"

भाजपा विधायक दीपांजन कुमार गुहा ने कहा, "भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस को लेकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की ओर से जिस तरह से कहा गया है, उसके मद्देनजर यह तो होना ही था। इंद्रनील सेन पर करोड़ों रुपए की गड़बड़ी का आरोप था। उन लोगों ने दुर्गा पूजा टिकट के नाम पर बहुत पैसा गबन किया है। दुर्गा पूजा के नाम पर खातों से जो भी निकला है, उस पर जांच की जानी चाहिए।"

दीपांजन गुहा ने कहा, "दुर्गा पूजा के नाम पर चंदन नगर और कोलकाता में जिस तरह से लोगों को लूटा गया है, उनके दोषियों को उचित दंड मिलना चाहिए। यह सरकार किसी भी हालत में गलत काम से समझौता नहीं करती है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में 'सोनार बांग्ला' का सपना पूरा होगा। जो सत्य के साथ रहना चाहते हैं, वे सभी लोग बंगाल में आनंद में रहेंगे। जिन लोगों ने गलत काम किया है, उन सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

बता दें कि सेंट्रल फोर्स और ईडी के अधिकारियों ने सिंगूर के चुटीपुर में टीएमसी नेता इंद्रनील सेन के गार्डन हाउस में तलाशी अभियान चलाया। सेंट्रल फोर्स की तीन गाड़ियां और ईडी की दो गाड़ियां वहां पहुचीं। इस दौरान कई घंटे तक तलाशी अभियान चला।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम