Aapka Rajasthan

टीएमसी की पिछली सरकार ने वोट बैंक के लिए देश की सुरक्षा से समझौता किया: अग्निमित्रा पॉल

कोलकाता, 26 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में अवैध घुसपैठियों का मुद्दा गरमा गया है। इस विषय पर मंगलवार को प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता और मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने राज्य की पूर्व टीएमसी सरकार और ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सीमा पर लोगों को वापस भेजने के लिए केंद्र बनाए जाने की नोटिफिकेशन जारी होने के बाद से सीमा क्षेत्रों में भारी हलचल देखने को मिल रही है।
 
अग्निमित्रा पॉल ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा कि जब से यह नोटिफिकेशन जारी हुआ है कि बॉर्डर पर ऐसे सेंटर बनाए जाएंगे जहां से लोगों को वापस बांग्लादेश भेजा जाएगा, तब से वहां काफी मूवमेंट बढ़ गया है। इतने वर्षों तक पिछली सरकार ने इन लोगों को प्रोत्साहित किया। ये लोग हमारे देश के नहीं हैं, लेकिन भारत का अनाज, बिजली, पानी, लॉजिस्टिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर इस्तेमाल कर रहे थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने वोट बैंक की राजनीति के लिए देश की सुरक्षा से समझौता किया। हमारे मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने यह तक कहा है कि ऐसे लोगों को पुलिस के हवाले नहीं किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी की सरकार अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें सीमा सुरक्षा बल के हवाले करेगी। जरूरत पड़ने पर उन्हें कुछ समय के लिए डिटेंशन सेंटर में भी रखा जा सकता है।

भाजपा नेता ने कहा कि बंग्लादेश ने पहले भी कहा था कि यदि उचित दस्तावेज मिलते हैं तो वह अपने नागरिकों को वापस लेने को तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने सिर्फ पश्चिम बंगाल ही नहीं बल्कि देश के 140 करोड़ लोगों की सुरक्षा को भी खतरे में डाला।

अग्निमित्रा पॉल ने आगे कहा कि सिर्फ अपने वोट बैंक और राजनीति के लिए दूसरे देश के लोगों को घुसाया गया। इससे देश की संपत्ति और सुरक्षा दोनों दांव पर लग गईं। अब जो सरकार आई है, वह इस मुद्दे पर बेहद सख्त है और पश्चिम बंगाल को हर तरफ से सुरक्षित राज्य बनाने का काम करेगी।

--आईएएनएस

पीआईएम/एमएस