टीएमसी के दमनकारी रवैये से छुटकारा मिलना पश्चिम बंगाल की जनता के लिए किसी आजादी से कम नहीं: दिलीप जायसवाल
पटना, 12 जून (आईएएनएस)। बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने पश्चिम बंगाल में तृमणूल कांग्रेस (टीएमसी) की हार को राज्य की आजादी बताया है। उन्होंने शुक्रवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के दमनकारी रवैये से सूबे की जनता त्रस्त हो चुकी थी।
दिलीप जायसवाल ने कहा कि अब जब सत्ता का परिवर्तन हुआ है, तो लोगों का आक्रोश ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के खिलाफ अपने चरम पर पहुंच चुका है। यही कारण है कि आज की तारीख में टीएमसी को सूबे में इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि इन लोगों ने इतने साल तक सत्ता में रहते हुए सूबे के विकास के लिए कोई काम नहीं किया। टीएमसी ने सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास किया। यही वजह है कि आज इनकी ऐसी दुर्दशा है।
इसके अलावा दिलीप जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की हुई बैठक पर भी प्रतिक्रिया दी। उनके मुताबिक, इस बैठक के जरिए प्रधानमंत्री ने पूरी दुनिया को यह संदेश देने का काम किया कि एक तरफ जहां पूरी दुनिया विभिन्न प्रकार की दुश्वारियों से जूझ रही है, तो वहीं दूसरी तरफ से भारत में लोग न सिर्फ खुशहाल जीवन जी रहे हैं, बल्कि आए दिन विकास के नए कीर्तिमान भी स्थापित कर रहे हैं, जिसे एक सुखद संकेत के रूप में देखा जाना चाहिए।
मंत्री दिलीप जायसवाल के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीति आयोग की बैठक के जरिए पूरी दुनिया में यह संदेश देने का प्रयास किया कि आज की तारीख में हिंदुस्तान का सर्वांगीण विकास हो रहा है। हम विकास के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं कर रहे हैं। चाहे आप सैन्य शक्ति की बात कर लीजिए या सामाजिक विकास की बात कर लीजिए। हर क्षेत्र में विकास की बयार बह रही है, जो कि हमारे लिए सौभाग्य का विषय है और यह सब कुछ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व की वजह से संभव हो पाया है। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि आज की तारीख में भारत पूरी दुनिया में आगे है और इसी तरह से आगे बढ़ता रहेगा। हमें आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता है।
इसके अलावा, उन्होंने राज्यसभा चुनाव को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह जीत पहले से ही तय थी। हमें पूरा भरोसा था कि हम चुनाव जीतेंगे। हमारे सभी प्रत्याशी निर्विरोध जीते हैं, जिसे हम अपने लिए एक सुखद संकेत के रूप में देखते हैं।
उन्होंने भारत की आर्थिक स्थिति पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां पूरी दुनिया में हाहाकार मचा हुआ है, तो वहीं दूसी तरफ से विश्व बैंक की तरफ से यह रिपोर्ट जारी की गई है कि भारत में आर्थिक स्थिति दुरस्त है, सभी लोग खुश हैं, तो मैं समझता हूं कि इससे बड़ा प्रमाण हमारे लिए क्या होगा। विश्व बैंक कोई भारत का तो नहीं है, हमें इनके आंकड़ों पर तो विश्वास करना चाहिए।
बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने विपक्ष के रवैये पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम होता है कि अगर सरकार की ओर से कोई अच्छा काम किया जा रहा है, तो उसकी तारीफ करें, उसके कामों का समर्थन करें, उसके साथ कदम से कदम मिलाएं। लेकिन, अफसोस की बात है कि विपक्ष की ओर से कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। आज की तारीख में विपक्ष की स्थिति ऐसी हो चुकी है कि वो सुबह उठते ही सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाने पर आमादा हो जाती है। विपक्ष को चाहिए कि अगर सरकार की ओर से कोई अच्छा काम किया जा रहा है, उसकी तारीफ की जाना चाहिए।
--आईएएनएस
एसएचके/वीसी
